Unnao: 20 लाख की लागत से बनी रामायण वाटिका की हालत बदतर...विभागीय अफसर कर रहे अनदेखी

10 माह पूर्व बनी वाटिका पर विभागीय अफसरों की अनदेखी

Unnao: 20 लाख की लागत से बनी रामायण वाटिका की हालत बदतर...विभागीय अफसर कर रहे अनदेखी

उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव अंतर्गत दही चौकी- पुरवा तिराहे पर 10 माह पूर्व लाखों की लागत से बनी रामायण वाटिका की ओर प्रशासन का ध्यान नहीं जा रहा है।

जिसके चलते वाटिका के किनारे लगीं लोहे की ग्रिल कई जगह टूट गई हैं। वाटिका अपना अस्तित्व खोने की कगार पर पहुंच चुकी हैं। देखरेख के अभाव में हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। 

बता दें विकास खंड बिछिया के गजौली गांव के दही चौकी कस्बा स्थित 10 माह पूर्व लखनऊ- कानपुर राजमार्ग निर्माधीन कार्यदाई संस्था पीएनसी ने बीस लाख रुपये की लागत से बनाई थीं। जो कि जिले में प्रवेश करते ही रामायण वाटिका अपनी ओर लोगों को आकर्षित करती थीं।

लेकिन अधिकारियों की अनदेखी के चलते ही महज 10 माह बीतते ही वाटिका की साफ- सफाई नहीं होने के कारण वाटिका में झड़ियाँ उग आई है। चारों ओर कूड़ा बिखरा पड़ा हुआ है। वहीं यहां उगी झाड़ियां व जंगली घास को देखकर सहजता से अंदाजा लगाया जा सकता हैं, कि यहां सफाई हुए दो चार दिन नहीं बल्कि महीने गुजर चुके हैं।

जिले की पहचान के लिए हुआ था निर्माण

जिले के परियर क्षेत्र में महर्षि वाल्मीकि का आश्रम हैं। मान्यता यह हैं कि लव कुश का जन्म इसी जनपद में हुआ था। जिले की विशेष पहचान के लिए लखनऊ - कानपुर हाइवे के किनारे दही चौकी तिराहे पर बने पार्क में रामायण वाटिका का निर्माण हुआ था। जिसकी विभिन्न प्रकार की सजावट लाइटें रात के अंधेरे में आने जाने वाले लोगों का मन मोह लेती थीं। 

बैठने के लिए भी नहीं है स्थान

पहले लोग वाटिका में हरी घास, फूलों के पौधों आदि की कल्पना करते हैं। लेकिन इन सब के विपरित दहीचौकी- पुरवा मोड़ स्थित लवकुश वाटिका जाने वाले लोगों को वहां कांटेदार झाड़ियों, जंगली घास व खस्ताहाल बैंच के दर्शन होंगे। वाटिका की साफ सफाई न होने के कारण नीचे बैठने लायक भी स्थान नहीं है।इसके किनारे लगी कई जगह की ग्रील टूटी हुई हैं। जिसमें क्षेत्र के अन्ना मवेशी भी धमाचौकड़ी मचाते हैं। 

बोले जिम्मेदार…

एडीओ पंचायत बिछिया उदयवीर सिंह ने बताया कि अभी वहां की स्थिति के बारे में मुझे जानकारी नहीं है। मैं खुद जाकर देखूंगा और अगर गंदगी मिलती है तो साफ-सफाई करवाई जायेगी।