मुरादाबाद: PUBG खेलने के दौरान विवाद में युवक को लाठी-डंडों से पीटा, अस्पताल में मौत

शव लेकर पाकबड़ा थाने पहुंचे आक्रोशित परिजन, आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर हंगामा

मुरादाबाद: PUBG खेलने के दौरान विवाद में युवक को लाठी-डंडों से पीटा, अस्पताल में मौत

मुरादाबाद/पाकबड़ा/अमृत विचार। पबजी खेलने के दौरान चार युवकों ने अपने साथी को इतना अधिक मारा कि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है। आक्रोशित परिजन युवक के शव के साथ पाकबड़ा थाने पहुंचे थे। उन्होंने हंगामा काटते हुए पुलिस से आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने का दबाव बनाया। इस हत्याकांड में चार आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज हुई है। इसमें योगराज व इसका भाई भीमा पुत्रगण जय सिंह, सन्नी पुत्र अजीत उर्फ लाला, तीरथ पुत्र राम सिंह नामजद हैं।

एफआईआर में हासमपुर गोपाल निवासी धर्मेंद्र ने कहा है कि गुरुवार दोपहर डेढ़ बजे उसके भाई सुरेंद्र सिंह (23) पुत्र धर्मपाल के साथ आरोपी योगीराज से आपस में कहासुनी हो गई थी। इसमें योगीराज अपने साथियों सन्नी, तीरथ व भीमा से मिलकर उसके भाई सुरेंद्र सिंह को लाठी-डंडों पीटा। घटना होली वाला कुआं के पास की है। इसमें सुरेंद्र को काफी चोटें आई थीं। शोरगुल सुनकर जब गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से निकले थे। सुरेंद्र के सिर में अधिक चोट आने से वह बेहोशी की हालत में था। घर वाले उसे इलाज के लिए टीएमयू लेकर गए थे, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई है।

बताया जा रहा है कि हासमपुर गोपाल गांव निवासी सुरेंद्र सिंह गांव के बाहर योगराज सिंह के साथ बैठा हुआ पबजी खेल रहा था। इस बीच दोनों में विवाद हो गया। झगड़ा इतना अधिक बढ़ गया कि योगराज ने सुरेंद्र पर हमला कर दिया। विवाद के दौरान ही योगराज के साथी सन्नी, तीर्थ सिंह और भीमा भी पहुंच गए थे, आरोप है कि इन लोगों भी सुरेंद्र को मारा। आरोपियों ने उसे लाठी-डंडों और सरियों पीटा। इसमें वह लहूलुहान हो गया था। सुरेंद्र सिंह शरीर पर कई जगह से खून बह रहा था। आसपास के लोगों ने उसे हमलावरों से बचाया और मामले की जानकारी युवक के परिजनों को दी थी। घायल सुरेंद्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से उसे कॉसमॉस रेफर किया गया था। इसके बाद परिवार वालों ने उसे टीएमयू में भर्ती कराया था, जहां उसकी मौत हुई है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

मृतक का आरोपियों से पहले भी हो चुका है विवाद
मृतक के भाई धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों से पहले भी विवाद हो चुका था। सुरेंद्र सिंह और योगराज सिंह दोनों एक ही फैक्ट्री में काम करते थे। फैक्ट्री में भी दोनों में आपस में करीब चार महीने पहले भी झगड़ा हुआ था। जिस पर फैक्ट्री मालिक ने दोनों को नौकरी से निकाल दिया था। अब आरोपियों ने सुरेंद्र के साथ पब्जी खेलने के दौरान नई घटना को अंजाम दिया है। अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। थाना प्रभारी सतेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस की दो टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी पर लगाया गया है। एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि पब्जी खेलने के दौरान सुरेंद्र कुमार से विवाद होने की बात सामने आ रही है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। फिलहाल, इसमें एफआईआर दर्ज की गई है।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : साथी के जाल में फंस गया अजय, अनमोल ने किया धोखा, हत्या कर लूट लिए रुपये