Kanpur: जब सीएम से पूछा गया- अयोध्या में हम क्यों हारे?...मुख्यमंत्री क्यों बोले- 'पेट निकला है, लगता नहीं मेहनत करते हो' यहां पढ़ें...

Kanpur: जब सीएम से पूछा गया- अयोध्या में हम क्यों हारे?...मुख्यमंत्री क्यों बोले- 'पेट निकला है, लगता नहीं मेहनत करते हो' यहां पढ़ें...

कानपुर, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मर्चेंट चैंबर हाल में भाजपा संगठन की बैठक में कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान जीत का मंत्र बताते हुए अयोध्या में चुनाव प्रचार की कहानी सुनाई, तो भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के अध्यक्ष विजय गौड़ ने सवाल पूछ लिया कि ‘महाराज जी फिर हम अयोध्या क्यों हार गए’? 

उनके इस सवाल पर एकबारगी हॉल में सन्नाटा छा गया। मुख्यमंत्री कुछ क्षणों के लिए असहज हो गए फिर बाद में उत्तर देने के लिए कहा। आनन-फानन भाजपा नेताओं ने विजय गौड़ को चुप कराकर बैठा दिया। 

मर्चेंट चैंबर हॉल में सीसामऊ उप चुनाव को लेकर विधानसभा क्षेत्र के मंडल अध्यक्षों, बूथ प्रभारियों, मोर्चा अध्यक्षों और पार्षदों से मुख्यमंत्री ने सीधा संवाद किया। सबसे पहले उन्होंने तीनों मंडल अध्यक्ष अभिमन्यु सक्सेना (कौशलपुरी), गौरव पांडेय (रायपुरवा), करन यादव (चुन्नीगंज) से पूछा कि सभी बूथों पर पद भरे हैं या नहीं। 

मंडल अध्यक्षों ने बताया कि सीसामऊ में 182 बूथ ए-क्लास, 24 बूथ बी-क्लास और 69 बूथ सी-क्लास हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि चिंता की बात नहीं है। सीसामऊ में 60 प्रतिशत हिंदू हैं, हम तो 46 प्रतिशत वाली रामपुर सीट जीतकर आए हैं। वहां सरकार की योजनाओं से मुस्लिमों को जोड़ा और उन्होंने भाजपा को जिताया। योगी ने कहा कि बिना भेदभाव सरकार की योजनाओं का लाभ सभी को दिलाया जाए, घर-घर जाएं और लोगों को जोड़ें। 

इसके बाद उन्होंने 7 मोर्चा और 22 प्रकोष्ठ अध्यक्ष तथा संयोजकों से एक-एक कर संवाद किया। महिला मोर्चा अध्यक्ष से कहा कि आप देश की आधी आबादी हैं, मंच पर भी आपकी संख्या आधी होनी चाहिए। युवा मोर्चा अध्यक्ष शिवांग मिश्रा से बोले, आप देश का भविष्य हैं। 

एबीवीपी के साथ मिलकर चुनाव की तैयारी करें। पार्षद पवन गुप्ता ने पत्र देकर नगर निगम में भ्रष्टाचार की शिकायत की। बैठक की अध्यक्षता कानपुर बुंदेलखंड खंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल ने और संचालन भाजपा उत्तर जिलाध्यक्ष दीपू पांडे ने किया।

पेट निकला है, लगता नहीं मेहनत करते हो

एससी, एसटी मोर्चा अध्यक्ष राकेश सोनकर से मुख्यमंत्री ने पूछा कि मोर्चे में सभी पद भरे हैं कि नहीं। इस पर राकेश बोले, हम क्षेत्र में खूब मेहनत कर रहे हैं, घर-घर जा रहे हैं। लेकिन उनका पेट अधिक निकला देखकर मुख्यमंत्री ने मजाकिया शैली में कहा ‘देखकर नहीं लगता कि क्षेत्र में बहुत मेहनत करते हैं’।

यह भी पढ़ें- Kanpur: बेरोजगारों को नौकरी और व्यापार के लिए मिला कर्ज; लाभार्थी बोले- अब पूरे होंगे सपने, जल्द लौटाएंगे ऋण