Unnao News: फैक्ट्रियों की चिमनियां उगल रहीं जहरीला धुआं, जिम्मेदार मौन, किसान परेशान...लोग हो रहे बीमार

औद्योगिक क्षेत्र दही स्थित फैक्ट्री से निकलने वाले धुंए से किसान परेशान

Unnao News: फैक्ट्रियों की चिमनियां उगल रहीं जहरीला धुआं, जिम्मेदार मौन, किसान परेशान...लोग हो रहे बीमार

उन्नाव, अमृत विचार। सदर तहसील क्षेत्र के गांव ओरहर मोड़ स्थित एक फैक्ट्री इन दिनों आसपास के ग्रामीणों के लिये परेशानी का सबब बनी हुई है। इसकी चिमनियों से निकलने वाला जहरीला धुआं लोगों को परेशान किए है। आसपास के गावों में किसानों को खेतों में काम करना तक कठिन होता जा रहा है। किसानों की मानें तो फैक्ट्री से निकल रहे पानी से उनके खेतों में फसल की पैदावार भी घट गई है। वहीं लोग बड़ी संख्या में बीमार भी हो रहे हैं।

बता दें कि क्षेत्र के ओरहर मोड़ स्थित एक फैक्ट्री में गन्ने का बुरादा व उसकी लकड़ी जलाने के लिए प्रयोग की जाती है। जिससे प्लाई बनाई जाती है। फैक्ट्री में दो चिमनियां लगीं हैं। मानक विहीन कार्य करने के लिए छोटी चिमनी का प्रयोग कर जहरीला धुआं फैक्ट्री से निकाला जाता है। 

चिमनी छोटी होने से इसका धुआं मानकों के आधार पर ऊपर तक नहीं जाता है जिससे आसपास के क्षेत्र में भीषण दुर्गंध भी फैलती है। इस धुएं के कारण राहगीर व आसपास खेतों में काम करने वाले किसानों को आंख व श्वांस की बीमारियां बढ़ रही हैं। 

ओरहर व दरोगा खेड़ा गांव निवासी राम औतार, राज कुमार, छुट्टन, महेंद्र व विजय सिंह आदि ने बताया कि फैक्ट्री से निकलने वाला धुआं और उससे निकलने वाले कण उनकी फसलों पर जम जाते हैं। जिसे खाने से पशु बीमार हो रहे हैं। वहीं फैक्ट्री के पास से उन्नाव-पुरवा मार्ग निकला है। 

जिससे गुजरने वाले राहगीरों को धुएं के चलते निकलना मुश्किल होता है। वन विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि फैक्ट्री से निकलने वाले धुएं और कण से वन विभाग के पेड़ पौधों को भी काफी नुकसान हो रहा है। जल्द ही इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की जाएगी। वहीं प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। किसानों ने संबंधित अधिकारियों से फैक्ट्री की जांच करने की मांग की है।

बोले जिम्मेदार…

उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अनिल माथुर ने बताया कि ऐसी किसी फैक्ट्री की जानकारी हमें नहीं है। इस फैक्ट्री की उनके विभाग से एनओसी दी गई है या नहीं इसकी जांच करवाई जाएगी।

ये भी पढ़ें- Unnao: स्कूलों में पढ़ाई करने के बजाय धान रोपाई कर रहे नौनिहाल, अभिभावक शिक्षा दिलाने की अपेक्षा पेट की आग बुझाने को दे रहे प्राथमिकता