अयोध्या: डीएनए जांच के लिए भदरसा कांड के आरोपियों का लिया खून का नमूना 

 विवेचक के प्रार्थना पत्र पर कोर्ट ने दिया आदेश, जांच के लिए भेजा जाएगा एफएसएल लैब

अयोध्या: डीएनए जांच के लिए भदरसा कांड के आरोपियों का लिया खून का नमूना 

अयोध्या, अमृत विचार। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के चर्चित सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने अदालत के आदेश पर डीएनए जांच के लिए जिला कारागार में निरुद्ध दोनों आरोपियों का खून का नमूना एकत्र कराया है। प्रकरण में विवेचक पूराकलंदर थाने के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह ने विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट प्रथम की अदालत को प्रार्थना पत्र देकर नमूना लिए जाने के लिए आदेश दिए जाने की मांग की थी। 

विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट प्रथम निरुपमा विक्रम की अदालत के आदेश के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से नामित चिकित्सक के साथ विवेचक जिला कारागार पहुंचे। जहां डॉक्टर ने दोनों आरोपियों का रक्त का नमूना एकत्र किया है। जिसको जांच के लिए विवेचक की ओर से विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजवाया जाएगा।  

विशेष लोक अभियोजक पॉक्सो एक्ट विनोद कुमार उपाध्याय ने बताया कि पूराकलंदर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 12 वर्षीय किशोरी के साथ भदरसा कस्बा निवासी सपा नेता और बेकरी संचालक मोईद खान और उसके कर्मी राजू खान ने दुष्कर्म किया था। जिसके चलते किशोरी गर्भवती हो गई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान किया था। दोनों न्यायिक अभिरक्षा में कारागार में हैं। विशेषज्ञ चिकित्स्कों के सुझाव पर किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज में आठ सप्ताह के भ्रूण का गर्भपात कराया गया है। 

डॉक्टर की लगाई गई थी ड्यूटी 
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय जैन ने बताया कि अदालत के आदेश पर विभाग की ओर से डीएनए जांच के लिए रक्त का नमूना एकत्र करने के लिए एक चिकित्सक की ड्यूटी लगाई गई थी। संबंधित डॉक्टर ने दर्ज मामले के विवेचक के साथ जिला कारागार जाकर जेल में निरुद्ध दोनों आरोपियों के रक्त का नमूना लिया है। इस नमूने को पुलिस की ओर से जाँच के लिए एफएसएल लैब को भेजवाया जाएगा।

ये भी पढ़ें- अयोध्या: रघुवीर को 16 मतों से हरा कर नंदूराम बने ग्राम पंचायत पारागरीब शाह के प्रधान