बाराबंकी : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का प्रांतीय अभ्यास वर्ग शुरू

अभ्यास वर्ग में 13 जिलों के 300 प्रतिनिधि शामिल

बाराबंकी : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का प्रांतीय अभ्यास वर्ग शुरू

बाराबंकी, अमृत विचार। विद्यार्थियों को कार्यपद्धति एवम व्यवहार से रूबरू कराने के उद्देश्य से  बाराबंकी-अयोध्या हाईवे स्थित सिटी ग्रुप ऑफ कॉलेज में शुक्रवार की शाम अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का चार दिवसीय अभ्यास वर्ग शुरू हो गया। इसमें अवध क्षेत्र के 13 जिलों से 300 प्रतिनिधि प्रतिभाग कर रहे हैं।

अभाविप के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. राजशरण शाही ने मां सरस्वती व स्वामी विवेकानंद के  चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलन करके अभ्यास वर्ग का शुभारंभ किया।प्रांत अध्यक्ष प्रो. नीतू सिंह ने अभ्यास वर्ग हेतु प्रस्ताविकी प्रस्तुत की। राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो.राजशरण शाही ने कार्यकर्ताओं को राष्ट्रनिर्माण में लगने के लिए प्रेरित किया। सफलता को ऐतिहासिक बनाने के लिए उन्होंने विजन, मिशन व एक्शन का मंत्र दिया। राष्ट्रवाद का पाठ भी पढ़ाया। जीवन में अनुशासन की महत्ता को रेखांकित किया।

कार्यकर्ताओं से रूबरू राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्र ने मैदान में कई युद्ध लड़े और जीते हैं। मगर देश में अभी वैचारिक युद्ध लड़ना बाकी है। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों को अभ्यास वर्ग में एक होने का भाव रखने का संकल्प दिलाया। कार्यकर्ताओं ने नंद के आनंद की-जय विवेकानंद की, भारत माता की जयकारे जैसे अनेकों उद्घोषों से उद्घाटन सत्र में जोश भर रहे थे। चार दिवसीय अभ्यास वर्ग में अभाविप के राष्ट्रीय संगठन मंत्री आशीष चौहान व क्षेत्रीय संगठन मंत्री घनश्याम शाही भी प्रवास करेंगे। इस अवसर पर प्रांत संगठन मंत्री अंशुल श्रीवास्तव, प्रांत मंत्री पुष्पेंद्र बाजपेई, प्रांत उपाध्यक्ष डॉक्टर प्रवीण सिंह मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:- आत्मघाती कदम : पत्नी का दर्द नहीं देख पाया पति तो अस्पताल में फंदा लगा दे दी जान