बदायूं: युवक की मौत...पुलिस ने चिता से उठाया जलता हुआ शव, जानिए वजह

बदायूं: युवक की मौत...पुलिस ने चिता से उठाया जलता हुआ शव, जानिए वजह

DEMO IMAGE

बदायूं, अमृत विचार : कोतवाली बिसौली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की मौत हो गई। परिजन शव श्मशान घाट ले गए और चिता को आग लगा दी। युवक के ससुरालीजनों को जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस श्मशान घाट पहुंचे और जलती चिता को बुझाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव जलने की वजह से पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। 

मामला कोतवाली बिसौली क्षेत्र के गांव मलखानपुर का है। गांव निवासी ब्रजेश (30) पुत्र पूरन  राजमिस्त्री थी। उनकी पत्नी माया पांच दिन पहले जिला रामपुर के मोहल्ला शाहबाद गई थीं। गुरुवार रात लगभग 11 बजे ब्रजेश की मौत हो गई थी। परिजन शुक्रवार सुबह शव श्मशान घाट ले गए। चिता सजाकर मुखाग्नि दे दी। वहीं ग्रामीणों से सूचना मिलने पर माया और उसका मायका पक्ष श्मशान घाट पहुंचे। 

जहां ब्रजेश के परिजनों ने उनके साले सियाराम से मारपीट की। तब तक चिता जलती रही। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। पानी डालकर चिता बुझाई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस पर सियाराम ने बताया कि ब्रजेश के चाचा जसवंत गांव में क्लीनिक चलाते हैं। जो ब्रजेश और उसके पिता से मनमाफिक काम कराता है। 

गुरुवार को उसकी ब्रजेश से कहासुनी हो गई थी। उन्होंने पिता और चाचा पर पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया। शव जलने की वजह से पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक की मौत के बाद परिजन फरार हैं। प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। अभी तहरीर नहीं आई है। जांच की जा रही है। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- बदायूं: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, ग्रामीणों ने जाम किया राजमार्ग