बदायूं: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, ग्रामीणों ने जाम किया राजमार्ग

बदायूं: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, ग्रामीणों ने जाम किया राजमार्ग

उसावां/म्याऊं, अमृत विचार: मुरादाबाद-फर्रुखाबाद राजमार्ग पर थाना उसावां क्षेत्र के गांव धर्मपुर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पति-पत्नी और एक महिला को टक्कर मार दी। बाइक सवार तीनों लोग बाइक से सड़क पर जा गिरे। ट्रक का पहिया युवक की पत्नी के ऊपर चढ़ गया।

हादसे में महिला की मौके पर मौत हो गई। पति और अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। आक्रोशित लोगों ने राजमार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस ने तकरबीन एक घंटे तक उन्हें समझाकर शांत कराया। परिजन शव पोस्टमार्टम के लिए लेकर चले गए।

थाना अलापुर क्षेत्र के गांव भसराला निवासी वसीम अपने पत्नी शाहीन (25) और बहन चांदनी के साथ एक बाइक पर अपनी ससुराल जिला शाहजहांपुर के थाना कलान क्षेत्र के गांव पटनपा देवकली में शादी समारोह में जा रहे थे। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद राजमार्ग पर उसावां क्षेत्र में सौधामई पुलिया के पास पीछे से तेज रफ्तार से आए ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। 

बाइक सवार वसीम, शाहीन और चांदनी सड़क पर जा गिरे। शाहीन के ऊपर से ट्रक का पहिया उतर गया। वह पहिया में फंस गई और दूर पर खिचड़ते हुए गई। शाहीन की मौके पर ही मौत हो गई और वसीम व चांदनी गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे। ट्रक रुक गया लेकिन चालक भाग गया। तब तक शाहीन की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर परिजन पहुंचे। 

ग्रामीणों की भीड़ लग गई। उनके आक्रोश फैल गया। उन्होंने राजमार्ग पर जाम लगा दिया। राजमार्ग से शव नहीं उठने दिया। राजमार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। थाना उसावां पुलिस मौके पर पहुंची। जाम लगा रहे लोग ट्रक चालक को गिरफ्तार करके मौके पर लाने की जिद करने लगे। लोगों ने कहा कि राजमार्ग पर आए दिन हादसे होते रहते हैं लेकिन सुधार नहीं किया जा रहा है। 

वह लोग राजमार्ग से हटने को तैयार नहीं थे तो पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। कहा कि जल्द ही ट्रक चालक को गिरफ्तार किया जाएगा। लोग शांत होकर वहां से चले गए। तब जाकर राजमार्ग पर वाहनों का आवागमन दुरुस्त हो सका। उसावां के थानाध्यक्ष मान बहादुर सिंह ने बताया कि हादसे में महिला की मौत हुई थी। परिजनों की ओर से तहरीर आने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

यह भी पढ़ें- बदायूं: समझौता कराने के नाम पर रिश्वत लेता सिपाही गिरफ्तार, दरोगा पर FIR