कासगंज: बाइक और टेंपो की टक्कर में एक की मौत, छह घायल

कासगंज, अमृत विचार: रविवार दोपहर कासगंज-अमांपुर रोड पर बाइक सवारों और टेंपो में टक्कर हो गई। हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
अमांपुर के टोडरपुर निवासी मानिकचंद्र (60), रोशनी पुत्री संतोष निवासी ग्राम जंगाली, टेंपो चालक विजय पुत्र अवधेश निवासी नगला पीरी, चेतन सोलंकी निवासी सरसई नरू टेंपो में सवार होकर अमांपुर से कासगंज आ रहे थे। वहीं, बाइक सवार विवेक पुत्र सुदेश, मोनू पुत्र राघवेंद्र, जितेंद्र पुत्र अवधेश निवासी नगला सेवका अमांपुर से कासगंज अपने गांव वापस जा रहे थे। मार्ग में बाइक और टेंपो में टक्कर हो गई, जिससे टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। राहगीर मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल मानिकचंद्र, मोनू, विवेक और ऑटो चालक विजय की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल कासगंज रेफर कर दिया गया। जहां डॉक्टरों ने मानिकचंद्र को मृत घोषित कर दिया। मोनू को मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।
मानिकचंद्र की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अमांपुर थाना प्रभारी सुमित त्रिपाठी ने बताया कि दोनों वाहन पुलिस की हिरासत में हैं। मृतक के परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- बदायूं: मकान में चल रहा था अवैध अस्पताल, जांच में खुलासा