Kanpur: एक दिन की प्रधानाध्यापिका बनीं कक्षा सात की छात्रा वैष्णवी, बच्चों से किए सवाल-जवाब, महिलाओं को लेकर कहा ये...

Kanpur: एक दिन की प्रधानाध्यापिका बनीं कक्षा सात की छात्रा वैष्णवी, बच्चों से किए सवाल-जवाब, महिलाओं को लेकर कहा ये...

कानपुर, अमृत विचार। राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर शनिवार को चौबेपुर ब्लॉक क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय दयालपुर की छात्रा को एक दिन का प्रधानाध्यापक नामित किया गया। इस दौरान छात्रा ने उपस्थिति रजिस्टर चेक किए जाने के साथ बच्चों से सवाल-जवाब किये। एक दिन की प्रधानाध्यापिका ने महिलाओं के उत्थान के लिए उनकी शिक्षा पर विशेष जोर दिए जाने की बात कही। 
    
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय दयालपुर मे कक्षा सात की छात्रा वैष्णवी को एक दिन का प्रधानाध्यापक बनाया गया। विद्यालय प्रधानाध्यापक अब्दुल मजीद सिद्दीकी ने 'आज की प्रधानाध्यापिका' का बैच लगाकर छात्रा को ससम्मान प्रधानाध्यापक की सीट पर बिठाया। वैष्णवी ने सर्वप्रथम विद्यालय का उपस्थित रजिस्टर चेक किया व बच्चों से कई सवाल भी पूछे।इस दौरान शिक्षकों ने प्रधानाध्यापिका को विद्यालय की प्रगति व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर किये जा रहे प्रयास के बाबत अवगत कराया।
      
वैष्णवी ने कहा कि आज का दिन महिलाओं व नारी शक्ति की उपलब्धियों को सलाम करने का है। आज महिलाएं आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, विज्ञान व खेल आदि हर क्षेत्र में अपने सपनों को साकार कर रही हैं। वहीं शिक्षक अब्दुल मजीद सिद्दीकी ने कहा कि यह दिन महिलाओं के सम्मान व उनको आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करने का है। बताया कि आज की महिलाएं स्वावलंबी व स्वतंत्र हैं। वह हर तरह की उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। कहा कि परिवार में महिलाएं शिक्षित व सुरक्षित होगी तभी परिवार मजबूत बनेगा। छात्रा वैष्णवी ने सभी अध्यापकों को धन्यवाद देते हुए आभार व्यक्त किया। साथ ही इस अनुभव को ताउम्र संजो कर रखने की बात कही। इस मौके पर सहायक अध्यापिका डॉ वंदना द्विवेदी, बीनू यादव आदि के साथ विद्यालय के बच्चे मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- Kanpur में सेवानिवृत्त मैनेजर से 15 लाख की ठगी, प्लॉट बेचने के नाम पर शातिरों ने इस तरह बनाया निशाना...