लखनऊ: पंत नगर में महिलाओं की गांधीगिरी, आंख, कान और मुंह बंद करके किया विरोध प्रदर्शन 

लखनऊ: पंत नगर में महिलाओं की गांधीगिरी, आंख, कान और मुंह बंद करके किया विरोध प्रदर्शन 

अमृत विचार, लखनऊ। राजधानी लखनऊ के पंतनगर में महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कुकरैल नदी के सौंदर्यीकरण को लेकर पंत नगर में होने वाली ध्वस्तीकरण कार्रवाई को लेकर स्थानीयों का विरोध जारी है। सोमवार को महिलाओं ने गांधीगिरी का तरीका अपनाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। पंत नगर की सैकड़ों महिलाएं सड़क पर कुर्सी लगाकर आंख, कान और मुंह बंद करके प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। महिलाओं का कहना है कि किसी भी स्थिति में अपने घरों को नहीं छोड़ेंगी। वहीं रविवार को इलाके के छोटे बच्चों ने विरोध जताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाई थी। 

लखनऊ पंत नगर में महिलाओं की गांधीगिरी, आंख, कान और मुंह बंद करके प्रदर्शन  (3)

इन इलाकों में होगी बुलडोजर कार्रवाई  

बता दें कि कुकरैल नदी के सौंदर्यीकरण को लेकर अकबरनगर के बाद अब रहीम नगर, पंत नगर, इंद्रप्रस्थ नगर और अबरार नगर में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होनी है। इसको लेकर लखनऊ विकास प्राधिकरण और सिंचाई विभाग ने सर्वे करके पंत नगर में करीब 800 मकानों पर लाल निशान लगाए हैं। वहीं मकानों पर निशान लगने के बाद स्थानीय लगातार अपना विरोध जता रहे हैं। स्थानीयों का कहना है कि उनके पास मकान और जमीन की रजिस्ट्री, दाखिला खारिज समेत अन्य दस्तावेज हैं। इसके बावजूद प्रशासन उनके मकानों को अवैध बता रही है। उन्होंने बताया कि एलडीए ने उनके मकानों को ग्रीन बेल्ट जोन में बने होने के चलते अवैध बताया है। 

लखनऊ बचाओ संघर्ष समिति का गठन

लखनऊ पंत नगर में महिलाओं की गांधीगिरी, आंख, कान और मुंह बंद करके प्रदर्शन  (4)

रहीम नगर, इंद्रपस्थ नगर, पंत नगर और अबरारनगर को बचाने के लिए लखनऊ बचाओ संघर्ष समिति बनाई गई है। इस समिति में सपा, कांग्रेस, वामदल के नेताओं के साथ-साथ शहर के तमाम सोशल वर्कर शामिल हैं। संघर्ष समिति ने तय किया है कि इन कॉलोनियों को हर हाल में बचाने के लिए संघर्ष करेंगे और शहर में पर्चा बांटने से लेकर यहां की जनता को लामबंद किया जाएगा। रविवार को अबरार नगर पार्क में आयोजित बैठक में सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा के अलावा पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य और लखनऊ विश्वविद्यालय की पूर्व कुलपति रुपरेखा वर्मा समेत कई अन्य लोग शामिल हुए। बैठक के दौरान सभी ने इन कॉलोनियों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई रोकने के लिए पूरे लखनऊ में जन आंदोलन करने की तैयारी की रणनीति बनाई।

ये भी पढ़ें:- हमारे मकान...वोटर आईडी और हमारा दिया वोट सब अवैध...तो हमने जिन्हें मतदान कर चुना वो भी.. लखनऊ में लगे पोस्टर