मुरादाबाद: बेखौफ दबंगों ने युवक को मारी गोली, गंभीर रूप से घायल...हायर सेंटर रेफर

बाइक सवार दबंगों ने एक मिनट में बरसाईं तीन गोलियां, सभी फरार

मुरादाबाद: बेखौफ दबंगों ने युवक को मारी गोली, गंभीर रूप से घायल...हायर सेंटर रेफर

मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र में बेखौफ दबंगों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। दबंगों ने एक मिनट में लगभग तीन राउंड फायरिंग की। लोगों के जुटने पर दबंग हथियार लहराकर धमकी देकर भाग निकले। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।

आशियाना कॉलोनी के रहने वाले प्रेस फोटो जर्नलिस्ट राजेश कुमार का बेटा वैभव मंगलवार देर रात सर्किट हाउस के पास किसी काम से गोल चक्कर गया था। इसी दौरान उसकी रेकी कर बाइक सवार छह दबंगों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाना शुरू कर दिया। गोलियों की आवाज सुन आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। अंकित यदुवंशी और राज गुर्जर समेत छह युवकों ने एक मिनट में लगभग तीन राउंड फायरिंग की।

गोली लगने से वैभव लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। लोगों के जुटने पर सभी हथियार लहराते हुए भाग निकले। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा था। बाद में हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। जिसके बाद परिवार के लोग उसे गंभीर हालत में लेकर कांठ रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। अभी उसकी हालत गंभीर बनी है।

घायल वैभव के पिता ने बताया कि 25 दिन पहले दबंगों ने वैभव के फोन पर अश्लील फोटो व वीडियो भेजे थे। वैभव ने इसका विरोध किया तो दबंगों ने उनके घर पर धावा बोल दिया। तीन-चार राउंड फायरिंग करने के बाद जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए थे। पीड़ित ने उस समय घटना की जानकारी और तहरीर सिविल लाइंस थाने में दी। लेकिन पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई की बजाय पीड़ित को ही थाने में बैठा लिया।

बाद में अधिकारियों के दबाव पर उसे छोड़ा। हालांकि इसके बाद भी थाने की पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इसमें एक पुलिस अधिकारी की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है। उनकी शह पर पुलिस दूसरे पक्ष के प्रभाव में पीड़ित की तहरीर पर कार्रवाई करने से बच रही है। इससे दबंगों का हौसला बुलंद हो गया। 25 दिन बाद मंगलवार देर रात अंकित यदुवंशी और राज गुर्जर समेत अन्य साथियों ने बाइक पर सवार होकर वैभव की रेकी कर गोली मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस कार्रवाई न होने से बढ़ रहा दबंगों व अपराधियों का हौसला
घटना में पुलिस महकमे की बड़ी लापरवाही सामने आई है। युवक को गोली मारने के मामले में 25 दिन पहले की गई शिकायत पर यदि पुलिस सक्रिय होकर कार्रवाई करती तो शायद ऐसी नौबत नहीं आती। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद भी सिविल लाइंस पुलिस अपराधियों पर कार्रवाई करने में हीलाहवाली कर रही है। जिसका परिणाम यह हुआ कि दबंगों ने युवक को गोली मार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। अस्पताल में वह जिंदगी के लिए जूझ रहा है।

गोली मारने पुलिस की लापरवाही खुलकर सामने आ गई और आरोपी घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। इतना की नहीं मूंढापांडे में विवाहिता के अपहरण और गोलीकांड में भी स्थानीय पुलिस का लचर रवैया सामने आया। जिसके चलते गोलीकांड हुआ। बाद में मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस एक्शन में आई।

नवागत एसएसपी ने अपनी ज्वाइनिंग के पहले ही दिन सख्त तेवर दिखाकर अपराधियों के घरों पर बुलडोजर चलवाया और मुठभेड़ में दो आरोपियों की गिरफ्तारी करा दी। हालांकि इस प्रकरण में भी खाकी के कुछ जिम्मेदार अभी भी ढुलमुल रवैया अपना रहे हैं।

ये भी पढ़ें- मुरादाबाद : संतान न होने के ताने से आहत महिला ने दी जान, पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार