बरेली: मौसम का बदला मिजाज, आंधी-पानी से गर्मी से मिली राहत

पिछले 10 दिनों से तापमान 43 से 44 डिग्री के पास था बरकरार

बरेली: मौसम का बदला मिजाज, आंधी-पानी से गर्मी से मिली राहत

बरेली, अमृत विचार। जून में पिछले 10 दिन से अधिकतम तापमान 43 और 44 डिग्री के आसपास बना हुआ था। रात में आंधी के साथ बारिश आने से गर्मी से राहत मिली। बुधवार को अधिकतम तापमान 43.3 और न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अधिकतम तापमान सामान्य से 5.9 और न्यूनतम 4.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इस दौरान सुबह आर्द्रता 54 प्रतिशत और शाम को 37 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं 12-15 प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलीं। आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डाॅ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 20 जून को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इसके बाद से शुक्रवार को मौसम साफ रहेगा।

वहीं शनिवार से बादलों की आवाजाही शुरू होने और फिर हल्की बारिश होने का अनुमान है। इन पांच दिनों में करीब पांच से दस मिलीमीटर बारिश हो सकती है। इसके बाद 24 और 25 जून को बादल छाए रहेंगे। गुरुवार से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

मौसम विज्ञानी के मुताबिक आगामी 48 घंटों के दौरान महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों और गंगीय पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के शेष हिस्सों और बिहार के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। मानसून की पूर्वी शाखा के बिहार और झारखंड में आगे बढ़ने के बाद ही मानसून के उत्तर प्रदेश में आगे बढ़ने के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी।

ये भी पढ़ें- बरेली: भीषण गर्मी में शहर में बिजली संकट बरकरार, कटौती से लोग हो रहे परेशान