OMG: 8 मिनट में 240 पुशअप्स लगाकर 6 वर्षीया बच्ची ने मचाया तहलका, India Book of Records में दर्ज होगा नाम

प्राथमिक विद्यालय भीखमपुरवा में पहली की छात्रा है 6 वर्षीय अनामिका मिश्रा

OMG: 8 मिनट में 240 पुशअप्स लगाकर 6 वर्षीया बच्ची ने मचाया तहलका, India Book of Records में दर्ज होगा नाम

गोंडा, अमृत विचार। इटियाथोक शिक्षा क्षेत्र का प्राथमिक विद्यालय भीखमपुरवा एक बार फिर से चर्चा में है। इस बार चर्चा का केंद्र बनी है स्कूल में पहली कक्षा में पढ़ने वाली 6 वर्षीया अनामिका मिश्रा, जिसने महज 8 मिनट में 240 पुशअप्स लगाकर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स (India Book of Records) में अपना नाम दर्ज कराने के लिए दावा ठोंका है।

अनामिका सिर्फ पुशअप्स ही नहीं लगाती बल्कि वह दौड़ने में भी बेहद तेज है। यह नन्ही उड़नपरी बिना रुके 10 किमी तक दौड़ सकती है। इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड्स की टीम ने अनामिका के दावे को परखने के बाद उसे "मैक्सिमम पुश अप्स ए फीमेल किड" का खिताब देने पर सहमति दे दी है। बेहद कम उम्र में अनामिका की इस सफलता ने एक बार फिर से यह साबित कर दिया है कि हौसलों के साथ आसमान छूने का जुनून हो तो हर मुकाम हासिल किया जा सकता है।

इटियाथोक क्षेत्र के ग्राम पंचायत अहिरौलिया के भीखमपुरवा गांव के रहने वाले मनोज मिश्रा गांव के ही प्राथमिक विद्यालय भीखमपुरवा में प्रधानाध्यापक हैं। शिक्षा के क्षेत्र में मनोज अपनी विशिष्ट कार्यशैली को लिए जाने जाते हैं। वह बच्चों को पढ़ाने के लिए दिए गए पाठ्यक्रम के साथ उनकी रुचि के मुताबिक सामग्री उपलब्ध कराते हैं। यही कारण हैं कि इस स्कूल की छात्रा अंशिका मिश्रा ने महज 6 मिनट में पूरे देश के जिलों का नाम सुनाकर बेसिक शिक्षा का डंका बजाया था।

अंशिका की यादाश्त क्षमता के चलते ही उसे गूगल गर्ल भी कहा गया‌। अंशिका के अलावा स्कूल की सुप्रिया वर्मा, काजल व बबली पूर्व में अपना नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज करा चुकी हैं। अब पहली कक्षा में पढ़ने वाली नन्ही छात्रा अनामिका ने महज 8 मिनट में 240 पुशअप्स लगाकर तहलका मचा दिया है। अनामिका के करतब को देखकर लोग दांतों तले उंगली दबा रहे हैं।

अनामिका के पिता व स्कूल के प्रधानाध्यापक मनोज मिश्रा ने बताया कि अनामिका के 250 पुशअप्स का वीडियो सारे वैध दस्तावेजों के साथ इण्डिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के प्रधान कार्यालय फरीदाबाद हरियाणा भेजा गया था। जांच पड़ताल के बाद इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड्स की टीम ने 8 मिनट में 240 पुश अप्स काउंट करते हुए रिकार्ड दर्ज करने की सहमति देते हुए बधाई दी है। जल्द ही अनामिका को "मैक्सिमम पुश अप्स ए फीमेल किड" का खिताब से सम्मानित किया जायेगा। अनामिका की इस सफलता पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। 

बड़ी बहन अंशिका के मेडल देख मिली प्रेरणा 

स्कूल के प्रधानाध्यापक व अनामिका के पिता मनोज मिश्रा बताते हैं कि अंशिका ने पांचवी तक की पढ़ाई के दौरान कई मंचों पर खिताब जीता। वह जब मेडल और प्रमाण पत्र लेकर घर आती तो अनामिका उन मेडल्स और ट्राफी को देर तक देखती रहती। वह कहती कि उसे भी मेडल जीतना है। मनोज ने कहा कि उसकी रुचि को देखकर वह उसे खेल के क्षेत्र के लिए तैयार करने लगे।

इसके लिए पहले उसके नियमित आहार का रोस्टर तय किया।‌ अनामिका  बाहर की कोई पैकेट वाली वस्तु,तली भुनी चीजें, चीनी,चावल आलू आदि से काफी दूर है। वह अधिकांशतः जैविक सब्जियों व फलों तथा सूखे मेवे पर निर्भर है। महुआ और दूध भी इसकी डाइट में शामिल है। यही कारण है कि वह न सिर्फ तेजी से पुशअप्स लगाती है बल्कि बिना रुके 10 किमी तक दौड़ भी लगा लेती है।

ओलंपिक खेलों में प्रतिभाग करने का है सपना

अमृत विचार: 6 वर्षीय अनामिका का सपना ओलंपिक खेलों में भाग लेने का है। सोशल साइट्स से ओलम्पिक के प्रति उत्पन्न हुई जिज्ञासा के बाद उसने खेलों की तरफ रुख किया। वह चीनी ओल्म्पियाड को चुनौती देने के लिए दिन रात पसीना बहाती है। अनामिका कहती है कि चीन को पीछे करके देश के लिए गोल्ड मेडल हासिल करना है। वह अपने पिता मनोज मिश्रा की निगरानी में  नियमित तैयारी कर रही है। बड़ी बहन अंशिका को वह अपना आदर्श मानती है।

यह भी पढ़ें- एडी बेसिक ने शिक्षकों में भरा जोश : कक्षा एक से तीन के छात्रों को निपुण बनाने को किया प्रेरित

ताजा समाचार

मुरादाबाद : 'जुआ खेलते थे मुलायम सिंह यादव, जुए में जीती थी साइकिल', AIMIM नेता का विवादित बयान
Exclusive: योगी की अगुवाई में Kanpur में डिफेंस कॉरिडोर को मिल रही नई ऊंचाई, कॉरिडोर से जुड़े इन कामों में आई तेजी
लखीमपुर खीरी : पुरानी रंजिश में युवक को मारी गोली, लखनऊ ट्रामा सेंटर में भर्ती
आंखों को रगड़ने से डैमेज हो सकती है कार्निया, अभी हो जाए सावधान
मुरादाबाद : राज्यसभा सांसद अरुण सिंह ने कहा- सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अपनी मानसिकता बदलें
Kanpur: युवाओं को सता रही 'होम सिकनेस', रोजगार मेले में ठुकरा रहे नौकरी, अब सेवायोजन विभाग उठाएगा ये कदम...