आत्मघाती कदम : दम्पत्ति ने घर में फंदा लगाकर की खुदकुशी

आत्मघाती कदम : दम्पत्ति ने घर में फंदा लगाकर की खुदकुशी

प्रयागराज, अमृत विचार: हंडिया थाना क्षेत्र के मुंगराव गांव में नव विवाहित दंपति ने एक ही साड़ी के दो किनारों से फंदा बनाकर पंखे से लटक गया। इससे उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी परिवार वालों को सुबह हुई तो हड़कंप मच गया। सूचना पाकर विवाहिता के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। सहमति के आधार पर दोनों के शवों का परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई।

हंडिया थाना क्षेत्र के मुंगराव में यह सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। मुंगराव गांव निवासी रविंद्र सिंह उर्फ विपिन (26) पुत्र जगत बहादुर सिंह की शादी नेहा सिंह (23) पुत्री भद्दर सिंह निवासी गांव रैपुरा तनरिया थाना मेजा के साथ करीब एक साल पहले हुई थी। रविंद्र सिंह वाराणसी में किसी प्राइवेट फाइनेंस कंपनी में नौकरी करते थे। रक्षाबंधन पर्व पर वह रविवार को गांव आए थे। नेहा के भाई लोग भी राखी बनवाने के लिए मुंगराव आए थे। त्योहार को सभी ने धूमधाम से मनाया।

रविंद्र भी अपनी शादीशुदा बहनों से राखी बंधवाने के लिए उनके ससुराल गए थे। शाम को घर लौटने के बाद सावन का अंतिम सोमवार होने के चलते नेहा और रविंद्र ने एक साथ भगवान शिव की पूजा किया। इसके बाद खाना पीना खाकर सोने के लिए चले गए। सुबह काफी देर तक सोकर नहीं उठे तो माँ श्यामा देवी ने दरवाजा खोला तो साड़ी के दोनों किनारों से रविंद्र और नेहा का शव लटक रहा था। साड़ी छत के पंखे से बांधा गया था। एक साथ बहू-बेटे की मौत से वृद्ध माता-पिता बदहवास हो गए। कुछ देर में ही वहां ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना पाकर नेहा के मायके से लोग भी आ गए। सहमति के आधार पर दोनों के शव का अंतिम संस्कार स्थानीय गंगा घाट पर कर दिया गया। घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई। रविंद्र का एक छोटा भाई अंकित सिंह है, जो मुंबई में किसी प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। घटना को लेकर गांव के लोग भी हैरान हैं। गांव के लोगों ने बताया कि मिलनसार और मृदुभाषी रविंद्र सिंह ऐसा कदम भी उठा सकता है, यह लोगों को विश्वास नहीं हो रहा है। परिवार भी संपन्न है और घर में किसी चीज की कोई कमी नहीं है। ऐसे में घटना को लेकर हर कोई चकित है।

यह भी पढ़ें- तिहरा हत्याकांड : हिस्ट्रीशीटर लल्लन खां के बेटे फराज अहमद के 11.29 लाख रुपये सीज