लखीमपुर खीरी: फूलबेहड़ में नामांकन को लेकर बवाल, पुलिस ने सपाइयों पर बरसाई लाठियां

पुलिस पिटाई से आठ कार्यकर्ता घायल, एक का हाथ टूटा, अस्पताल में भर्ती 

लखीमपुर खीरी: फूलबेहड़ में नामांकन को लेकर बवाल, पुलिस ने सपाइयों पर बरसाई लाठियां

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना व कस्बा फूलबेहड़ स्थिति सहकारी समिति परिसर में चल रहे नामांकन के दौरान बवाल हो गया। पुलिस ने सपाइयों को दौड़ाकर लाठियां बरसाईं। इससे सपा के आठ से ज्यादा कार्यकर्ता घायल हो गए। एक कार्यकर्ता का हाथ टूट गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सपा का आरोप है कि भाजपा विधायक ने सपा कार्यकर्ताओं के नामांकन पर्चा रिटर्निंग आफीसर से छीन लिया। सपाइयों ने जब इसका विरोध किया तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दी। सपा अब आरोपियों के खिलाफ तहरीर देने और उनकी गिरफ्तारी की मांग करने की तैयारी कर रही है।

जिले की फूलबेहड़, ओयल, शहर की हाथीपुर और फूलबेहड़ की सहकारी समिति के डायरेक्टरों के लिए चुनाव प्रक्रिया चल रही है। गुरुवार को नामांकन दाखिल हो रहे थे। सुबह से ही भाजपा और सपा समर्थित प्रत्याशी समिति पर पहुंच गए। निर्वाचन अधिकारी शिरीष त्रिपाठी और सचिव देशवीर सिंह समिति पर नहीं पहुंचे। सपा प्रत्याशी आकाश सिंह के समर्थन में सपा के पूर्व विधायक रामसरन सहित सैकड़ों कार्यकर्ता भी पहुंच गए। 

सपा कार्यकर्ताओ ने मौजूदा भाजपा विधायक मंजू त्यागी पर सत्ता पक्ष के प्रत्याशियों के लिए धांधली का आरोप लगाया और उसकी शिकायत डीएम से की। इसके बाद एसडीएम सदर अश्वनी कुमार सिंह, सीओ धौरहरा पीपी सिंह के साथ ईसानगर, खमरिया समेत कई थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एसडीएम के आश्वासन पर मामला शांत हो गया। दोपहर दो बजे रिटर्निंग आफीसर नायब तहसीलदार समिति पर पहुंचे। और पर्चों की बिक्री शुरू हुई। बताते हैं कि तीन बजे तक 16 पर्चो की बिक्री हुई। सपा के कार्यकर्ताओं को समिति परिसर से बाहर कर दिया गया और प्रत्याशियों को पर्चा जमा करने के लिए अंदर भेज दिया। 

आरोप है कि इसी बीच विधायक मंजू त्यागी पर कई समर्थकों के साथ पहुंच गई। उनके समर्थकों के पास रिवाल्वर, पिस्टल थे और रिटर्निंग अफसर के कमरे में जाकर सपा प्रत्याशियों के पर्चे रिटर्निंग आफीसर से छीन कर चली गई। इसको लेकर सपा-भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों के बीच जमकर नोकझोक और नारेबाजी होने लगी। नौबत मारपीट तक पहुंच गई। इसी बीच पुलिस फ़ोर्स ने लाठी चार्ज कर दिया। जिसके बाद भीड़ तितर बितर हुई। 

लाठीचार्ज के दौरान पुलिस ने श्रीनगर के पूर्व सपा विधायक रामसरन को भी नहीं बक्शा। उनको भी पीटा। पुलिस की पिटाई से सपा कार्यकर्ता उमेश गिरि, यशमोहन पटेल, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि आनंद पटेल, अशोक कश्यप, आकाश सिंह आदि घायल हो गए। लाठी लगने से आनंद पटेल का एक हाथ टूट गया। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसके बाद शाम चार बजे तक कोई पर्चा जमा नहीं हो सका।

साधन सहकारी समिति फूलबेहड़ के संचालक पद के लिए 16 पर्चे बिके थे। हंगामा होने के कारण किसी को पर्चा जमा नहीं करने दिया गया है-शिरीष त्रिपाठी आर ओ साधन सहकारी समिति फूलबेहड़

पुलिस ने लाठीचार्ज नहीं किया है। भीड़ उपद्रव करने की कोशिश कर रही थी। पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को तितर-बितर किया है। किसी के घायल होने की उन्हें जानकारी नहीं है-पीपी सिंह सीओ धौरहरा।

फूलबेहड़ में चुनाव के दौरान सपा के पूर्व तीन विधायक और तमाम कार्यकर्ता अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे थे, जिसे पुलिस प्रशासन ने असफल कर दिया। श्रीनगर विधायक पर पर्चा छीनने का जो आरोप लगाया जा रहा है वह सरासर गलत है-सुनील सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा।

ये भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: तो लिफ्ट देने वाले युवक के इशारे पर हुई थी नेपाली नागरिक से पौने तीन लाख की लूट...