पुरानी पेंशन: UP में दो दर्जन से अधिक जगह पर हुआ प्रदर्शन, कर्मचारी बोले- यह तो सांकेतिक था, मांग न पूरी हुई तो...

पुरानी पेंशन: UP में दो दर्जन से अधिक जगह पर हुआ प्रदर्शन, कर्मचारी बोले- यह तो सांकेतिक था, मांग न पूरी हुई तो...

लखनऊ,अमृत विचार। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को करीब 25 अलग अलग जगह पर रेलवे के कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया है। हालांकि यह प्रदर्शन सांकेतिक था, लेकिन कर्मचारियों ने अपने प्रदर्शन से यह जता दिया है कि पुरानी पेंशन बहाली पर ही बात बनेगी। एनपीएस को लेकर कर्मचारियों में असंतोष है। 

बताया जा रहा है कि शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में रेलवे के हजारों कर्मचारियों ने अपने-अपने तैनाती स्थल पर पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा है। डीआरएम ऑफिस और वर्कशॉप में हुए प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी भी की है।

उत्तर रेलवे कर्मचारी यूनियन के शाखा मंत्री हरेंद्र सिंह भदोरिया ने बताया कि उत्तर रेलवे कर्मचारी यूनियन सम्बद्ध भारतीय रेलवे मजदूर संघ और भारतीय मजदूर संघ समय-समय पर कर्मचारियो की समस्याओ को प्रशासन के समक्ष उठाता रहा है, इसी के तरह एक दिवसीय धरना प्रदर्शन आलमबाग स्थित उत्तर रेलवे के कैरिज शाप के प्रांगण में किया गया।

5

जिसमें एनपीएस को समाप्त कर पुरानी पेंशन को बहाल करने की मांग की गई। साथ ही 8वें वेतन आयोग का गठन किया जाय, कर मुक्त आय की सीमा 8 लाख की जाय, केन्द्रीय कर्मचारी समूह बीमा योजना में बीमा की राशि न्यूनतम 15 लाख की जाय समेत अन्य मुद्दों पर प्रदर्शन किया गया।

जिसमें हरिश्चन्द्र राजभर, आशीष कुमार, विजय कुमार, कल्लू जी, देवेन्द्र सिंह, प्रदीप कुमार सहित सभी पदाधिकारियों ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने यह भी कहा है कि लखनऊ, बनारस, गोरखपुर में अभी तो यह प्रदर्शन सांकेतिक था। यदि हमारी मांगे पूरी नहीं होती हैं। तो भारतीय मजदूर संघ और भारतीय रेलवे मजदूर संघ इस पर बड़ा फैसला ले सकता है।

ये भी पढ़ें-दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री सोनम किन्नर ने दिया इस्तीफा, बोलीं- संगठन सरकार से बड़ा है