अयोध्या: हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 27 मेधावी किए गए सम्मानित 

अयोध्या: हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 27 मेधावी किए गए सम्मानित 

अयोध्या, अमृत विचार। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षा वर्ष 2024 में सर्वोच्च अंक प्राप्त विद्यार्थियों का प्रदेश स्तर एवं जिला स्तर पर चयनित मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समारोह शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया गया। 
 
महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, सदर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रुदौली विधायक रामचन्द्र यादव, जिलाधिकारी नितीश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी ऋषिराज की उपस्थिति में मेधावी विद्यार्थियों को राज्य स्तर के मेधावियों को एक लाख जबकि जिले स्तर के मेधावियों को 21 हजार नगद धनराशि, टेबलेट, प्रशस्ति पत्र तथा मेडल देकर कर सम्मानित किया गया। जिले से हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट के कुल 28 मेधावियों का चयन किया गया है। जिसमें अनमोल मिश्र कक्षा-12 संस्कृत बोर्ड से उत्तीर्ण को मुख्यमंत्री द्वारा लोक भवन लखनऊ में सम्मानित किया गया तथा शेष 27 मेधावी को शनिवार को जनपद स्तर पर आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर डॉ राजेश कुमार आर्या जिला विद्यालय निरीक्षक अयोध्या, वीरेश वर्मा वित्त एवं लेखाधिकारी तथा सभी चयनित मेधावियों के विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं अभिभावक मौजूद रहे। हिन्दू इण्टर कालेज रुदौली के प्रधानाचार्य राम प्रिया शरण सिंह, एसएसवी प्रधानाचार्य  मणिशंकर त्रिपाठी, महाराजा इण्टर कालेज के प्रधानाचार्य एवं कार्यालय के परीक्षा प्रभारी मोशरीफ अंसारी, वरिष्ठ सहायक प्रदीप कुमार, मोती लाल विवेक सिंह सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। हाईस्कूल के 7 विद्यार्थी, इण्टर के 4 विद्यार्थी तथा संस्कृत बोर्ड में इण्टर के 1 विद्यार्थी राज्य स्तर पर चयनित हुए है। जिले में  कुल 12 विद्यार्थी प्रदेश स्तर पर चयनित हुए है। जिसमें संस्कृत बोर्ड के इण्टरमीडिएट विद्यार्थी अनमोल मिश्र को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया तथा शेष 11 प्रदेश स्तर पर चयनित मेधावी विद्यार्थियों को जनपद स्तर पर  सम्मानित किया गया। जिसमें राज्य स्तर के 12 विद्यार्थी को  एक लाख रुपये , एक टैबलेट, प्रशस्ति पत्र तथा मेडल दिया गया। वहीं जिले स्तर पर चयनित 16 मेधावियों को 21 हजार रुपये समेत टैबलेट, प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान किया गया। 

यह मेधावी किए गए सम्मानित 
हाईस्कूल के राज्य स्तर पर चयनित पीयूष, आनंद कुमार, तरुण तिवारी, सिद्धि श्रीवास्तव, शालिनी यादव, दीपांजलि, अवनीश प्रताप। वहीं हाईस्कूल जनपद स्तर पर चयनित नंदिता तिवारी, सत्यम कुमार निषाद, इशरीना अशरफ, शिवानी मिश्रा, आस्था सिंह, शहजादी बानों, दीपाशी यादव, शुभी कसौधन, रिमझिम प्रजापति, शिवानी यादव शामिल हैं। वहीं इंटरमीडिएट राज्य स्तर पर अंशिका सिंह रावत, आदिती दूबे, सुहानी और अखिलेश यादव शामिल हैं। इंटरमीडिएट जिले स्तर पर विवेक यादव, शुभम यादव, अरुण प्रकाश, उदय प्रताप यादव, अनुपम जायसवाल, उमेश वर्मा शामिल हैं। इंटरमीडिएट संस्कृत में राज्य स्तर पर अनमोल मिश्र लखनऊ में सम्मानित किए गए हैं।

ये भी पढ़ें -परिषदीय स्कूलों को मिले 641 नए शिक्षक, सुधरेगा शिक्षा का स्तर