अमरोहा : रैन बसेरे की टूटी खिड़की से आ रही ठंडी हवा, अधूरी मिलीं ठंड से बचाव की व्यवस्थाएं

अमरोहा : रैन बसेरे की टूटी खिड़की से आ रही ठंडी हवा, अधूरी मिलीं ठंड से बचाव की व्यवस्थाएं

अमरोहा। गजरौला नगर पालिका परिषद ने जिलाधिकारी के आदेश पर बेसहारा लोगों को ठंड से बचाने के लिए रैन बसेरे की व्यवस्था की है। इन रैन बसेरे में सोने के लिए बिस्तर व अन्य सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं। लेकिन यहां ठंड से बचाव के इंतजाम नाकाफी हैं, क्योंकि खिड़की से ठंडी हवा रैन बसेरे के अंदर तक पहुंच रही हैं। रात में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री और रैन बसेरे की खिड़की से आ रही ठंडी हवा बेसहारा लोगों को सता रही है। जबकि इससे नगर पालिका अधिकारी अनजान बने हैं। कड़ाके की ठंड से ज्यादातर लोग घरों में कैद रहे।

वहीं पालिका प्रशासन के अलाव के इंतजाम नहीं होने से सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को ठिठुरना पड़ रहा है। बीते तीन दिनों से लगातार ठंड बढ़ती जा रही है। तड़के घना कोहरा छाया रहा। धूप निकलने पर कोहरा तो नहीं रहा, लेकिन शीतलहर से लोग ठिठुरते दिखाई दिए। ठंड बढ़ने के बाद भी पालिका द्वारा बचाव के इंतजाम नहीं हो रहे हैं। पालिका प्रशासन ने शहर में अभी भी अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। जबकि ठंड में बीते साल मुख्य चौराहों पर अलाव की व्यवस्था की गई थी। इस बार तो रैन बसेरे के हालात भी खस्ता है। ठंडी हवा खिड़कियों से अंदर आ रही है। ऐसे में रैन बसेरे में रुकने वाले लोग भी ठंड में ठिठुर रहे हैं।

अधिशासी अधिकारी गार्गी त्यागी ने बताया कि जल्द ही रैन बसेरे में खिड़की सही कराई जाएगी और अलाव की व्यवस्था भी की जाएगी।

ये भी पढ़ें : भारत से ही हमारे राष्ट्र की पहचान, इंडिया से नहीं- अनिला सिंह