Kanpur Weather: मई तक अधिक रहेगा तापमान, आग उगलेगा सूरज, विशेषज्ञ बोले ये...

Kanpur Weather: मई तक अधिक रहेगा तापमान, आग उगलेगा सूरज, विशेषज्ञ बोले ये...

कानपुर, अमृत विचार। इस बार फरवरी 125 वर्षों में सबसे गर्म और शुष्क फरवरी रही। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार फरवरी महीने में लगभग 50 फीसदी कम बारिश हुई है। विशेषज्ञों के अनुसार कम बारिश होने का असर गर्मी के सीजन पर पड़ सकता है। 

आईएमडी के अनुसार इस बार जनवरी-फरवरी के दौरान पूरे देश में सामान्य से 59 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई। फरवरी में सामान्य से 50 फीसदी कम बारिश हुई, जबकि जनवरी में यह कमी 67 फीसदी थी। मध्य भारत में बारिश में 89.3 फीसदी की गिरावट आई, जबकि उत्तर-पश्चिम भारत में 64.4 फीसदी की कमी देखी गई। मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि साल की शुरुआत से मिले संकेत से यह अनुमान लगाया जा सकता है कि इस बार मई तक तापमान लगातार सामान्य से अधिक हो सकता है। इसकी शुरुआत मार्च के पहले व दूसरे सप्ताह से हो चुकी है। 

इस दौरान कानपुर शहर का तापमान औसत से 6 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रिकॉर्ड किया गया। आईएमडी की रिपोर्ट पर सीएसए विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पाण्डेय ने कहा कि शहर, मंडल व पूरे देश में मौसम एक जैसा बर्ताव दिखा रहा है। सिर्फ कानपुर की बात की जाए तो यहां पर इस बार फरवरी के अंतिम सप्ताह से ही तापमान में लगातार औसत से अधिकता देखी जा रही है। यह ग्लोबल वॉर्मिंग का असर माना जा सकता है। 

फरवरी रही सबसे गर्म

पिछले 125 वर्षों में फरवरी का तापमान कभी इतना अधिक नहीं रहा। इस साल फरवरी का औसत तापमान 22.04 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.34 डिग्री अधिक था। इससे पहले 2016 में फरवरी का तापमान सामान्य से 1.29 डिग्री अधिक था। आईएमडी के अनुसार फरवरी 2025 में औसत न्यूनतम तापमान 15.02 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले 125 वर्षों में सबसे अधिक था।

35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा तापमान

इस साल मार्च की बात की जाए तो शहर का तापमान 35 डिग्री तक छू गया। एक मार्च को शहर का तापमान अधिकतम 28 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके बाद 7 मार्च को यह बढ़कर 30 डिग्री सेल्सियस के आस-पास पहुंचा। 15 मार्च तक शहर के अधिकतम तापमान ने 35 डिग्री के आंकड़े को छू लिया था। 

यह भी पढ़ें- मेगा ब्लॉक का असर, लखनऊ के यात्री बेहाल; Kanpur Central पर पूछताछ काउंटरों पर रही भीड़, बसों से गए