Amroha : अमृत विचार की खबर का असर...संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए अध्यापक, होगी कार्रवाई 

Amroha : अमृत विचार की खबर का असर...संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए अध्यापक, होगी कार्रवाई 

अमृत विचार में खबर प्रकाशित होने के बाद विद्यालय के सहायक अध्यापक पंकज कुमार से पूछताछ करते बीईओ अनिल कुमार

रहरा, अमृत विचार। अमृत विचार ने बुधवार के अंक में गुरुजी स्कूल से गायब, हेड मास्टर लग रहे हैं हाजिरी शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इससे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। गुरुवार को अखबार में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेने गंगेश्वरी के खंड शिक्षाधिकारी अनिल कुमार प्राथमिक विद्यालय उकावली पहुंचे। उन्होंने महीने भर से अनुपस्थित चल रहे आरोपी सहायक अध्यापक पंकज कुमार व हेड मास्टर रविंद्र सिंह से पूछताछ की। हेड मास्टर व सहायक अध्यापक से संतोषजनक जवाब न मिलने पर खंड शिक्षाधिकारी ने लिखित स्पष्टीकरण मांगा है।

प्राथमिक विद्यालय उकावली में 51 छात्र-छात्राएं हैं। विद्यालय में इंचार्ज अध्यापक रविंद्र सिंह, सहायक अध्यापक पंकज कुमार और शिक्षामित्र ओमशरण तोमर हैं। सहायक अध्यापक पंकज कुमार 1 से 11 मार्च तक परीक्षा में 10 ड्यूटी दर्शाकर गायब हो गए थे। जबकि उन्होंने बोर्ड परीक्षा में केवल 6 दिन ही ड्यूटी की थी। इसके बाद 13 से 16 मार्च तक होलिका दहन के चलते स्कूल बंद रहा। 17 और 18 मार्च को पंकज कुमार विद्यालय नहीं आए। शिक्षामित्र ने बताया कि बुधवार को हेड मास्टर रविंद्र सिंह भी नहीं आए हैं। जबकि बुधवार को रजिस्टर में हेड मास्टर रविंद्र सिंह के हस्ताक्षर थे। जो उन्होंने एक दिन पूर्व ही कर दिए थे। शिक्षामित्र ने बताया कि हेड मास्टर रजिस्टर में पंकज कुमार के हस्ताक्षर कर उनकी उपस्थिति दर्शा देते हैं। इसके बाद हेडमास्टर रविंद्र सिंह व सहायक अध्यापक पंकज कुमार ने अपनी गलती स्वीकार की थी। कहा था कि आगे से ऐसा नहीं होगा।

गुरुवार को प्राथमिक विद्यालय उकावली पहुंचकर दोनों अध्यापकों से पूछताछ की। मगर दोनों अध्यापक संतोषजनक जवाब नहीं दे से। दोनों को लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा है। इसके बाद दोनों अध्यापकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।-अनिल कुमार, खंड शिक्षाधिकारी, गंगेश्वरी

ये भी पढे़ं : Amroha : गुरु जी स्कूल से गायब, हेड मास्टर लगा रहे हैं हाजिरी