अयोध्या: राम मंदिर उद्घाटन से 600 मिलियन डॉलर पहुंच गई देश की अर्थव्यवस्था- सुधांशु त्रिवेदी

अयोध्या, अमृत विचार: माधव भवन में अरविंदो सोसायटी के उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय राज्य सम्मेलन के पहले दिन उद्घाटन सत्र के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता व राज्य सभा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी भी शामिल हुए। राज्य सभा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी ने सनातन धर्म और श्रीराम पर आयोजित विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि महर्षि अरविंद की भविष्यवाणी सत्य हो रही है।
उन्होंने कहा कि जब ढांचा खड़ा था, तो भारत की अर्थव्यवस्था 1991 में एक मिलियन से भी नीचे थी। स्थिति यह हुई कि सोने तक गिरवी रखना पड़ा था, यानी पूरी अर्थव्यवस्था ध्वस्त होने के कगार पर थी। उसके बाद वह ढांचा गिरता है, प्रभु श्रीरामलला उस स्थान पर आकर एक छोटे से मेकशिफ्ट टेंपल में स्थापित होते हैं। उसके बाद भारत की अर्थव्यवस्था धीरे-धीरे बढ़नी शुरू होती है। केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार आती है, तब बदलाव आता है। 9 नवंबर 2019 में जिस दिन रामलला के पक्ष में निर्णय आया, तो भारत की इकोनामी 500 मिलियन डॉलर पहुंच गई। जब राम मंदिर का उद्घाटन हुआ, तो 600 मिलियन डॉलर हो गई।
उन्होंने कहा कि जब-जब श्रीराम के आगे बढ़ने का कार्य शुरू हुआ, भारत नई करवट लेता हुआ दिखाई पड़ने लगा। महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि अयोध्या अपनी सांस्कृतिक भूमिका के निर्वाह के लिए अग्रसर है। धीरे-धीरे मानवता की असीम संभावनाओं के प्रतीक भगवान राम के प्रभाव का प्रादुर्भाव हो रहा है। समिति के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु प्रकाश गोयल ने संस्था के उद्देश्यों और संगठन की वर्तमान स्थिति से उपस्थित सदस्यों व अतिथियों को अवगत कराया।
प्रदेश सचिव अनीता बंसल ने अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। मंच पर पूर्वांचल के अध्यक्ष राम धीरज तिवारी भी उपस्थित थे। आयोजन में अयोध्या शाखा के राम प्रकाश दुबे व प्रो. असीम मिश्र सहित अन्य कार्यकर्ताओं के साथ ही राज मोहन मनूचा गर्ल्स डिग्री कॉलेज की छात्राओं ने सहयोग किया। अतिथियों का स्वागत करने वालों में प्रज्ञा सिंह, मनीषा, मंजूषा सम्मिलित रहीं।
ये भी पढ़ें- अयोध्या: राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेसिक के बच्चों ने झटका एक स्वर्ण व दो रजत, हुआ सम्मान