Kanpur में सात लोगों ने जिंदगी से तोड़ा नाता: अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छह लोगों ने लगाई फांसी, एक ने खाया जहरीला पदार्थ, मचा कोहराम

कानपुर, अमृत विचार। शहर में अलग-अलग स्थानों पर जहां चार युवाओं, दो महिलाओं ने फांसी लगाकर जान दे दी, वहीं एक युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर मौत को गले लगाया लिया। सात थानाक्षेत्रों से सात शव गुरुवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाए। इस दौरान वहां पर शवों के साथ पहुंचे परिजनों की काफी भीड़ लगी रही। इससे पहले लगातार दो दिन में नौ लोगों ने अपनी जिंदगी से नाता तोड़ लिया था। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। परिजन घटना पीछे के कारणों को नहीं बता सके हैं।
सजेती के पाराचंद निवासी 30 वर्ष सौरभ वर्मा चकेरी के अहिरवां में किराए का कमरा लेकर रहता था। छोटे भाई सचिन ने बताया कि वह पान मसाला की एक फैक्ट्री में काम करता था। उसके अनुसार गुरुवार सुबह किराएदार ने पुलिस को सूचना दी कि सौरभ ने कमरा बंदकर लिया है, और आवाज देने पर दरवाजा नहीं खोल रहा है। इस पर पुलिस ने दरवाजा तुड़वाया जहां उसका शव फांसी के फंदे पर लटक रहा था। इसी तरह फजलगंज थानाक्षेत्र के दर्शनपुरवा निवासी 29 वर्षीय सौरभ गुप्ता ने बुधवार देर रात फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों ने बताया कि वह चाट का ठेला लगाकर गुजर बसर करता था। किस वजह से ये कदम उठा लिया जानकारी नहीं है।
इसी तरह अनवरगंज थानाक्षेत्र के फूलवाली गली निवासी 20 वर्षीय अनुराग अहिरवार ने फांसी लगाकर जान दे दी। छोटे भाई ईशांत और मां सोमवती ने फांसी के फंदे पर लटकते शव को देखा तो होश उड़ गए। नवाबगंज थानाक्षेत्र के नई ग्वालटोली निवासी 40 वर्षीय परमाराम ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों ने गुरुवार सुबह फांसी के फंदे पर लटकता शव देखा तो चीखपुकार मच गई। कल्याणपुर थानाक्षेत्र के अंबेडकरपुरम निवासी संदीप कुरील की 30 वर्षीय पत्नी दिव्या भारती ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खा लिया।
हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। इसी तरह कल्याणपुर थानाक्षेत्र के राजकीय उन्नयन बस्ती निवासी टेंपो चालक आलोक उर्फ अंकुर की 33 वर्षीय पत्नी साक्षी ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। उसके छह माह की एक बेटी है। उसकी ढाई साल पहले शादी हुई थी। वहीं नौबस्ता थानाक्षेत्र के आवास विकास हंसपुरम निवासी शैलेंद्र कुमार की 40 वर्षीय पत्नी रजनी उर्फ बब्ली प्रजापति का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिला। जिससे हड़कंप मच गया। रजनी के भाई नीरज ने आरोप लगाया कि शादी को 17 साल हो चुके हैं।
शादी के बाद उन्हें दो बच्चे चीकू और कृष्णा हैं। आरोप लगाया कि होली के दिन भी शराब पीकर आए और बहन को मारपीट कर घर से भगा दिया था। इसके बाद नशेबाजी में बहन से विवाद किया। आरोप है, कि उसने बहन की हत्या करने के बाद आत्महत्या का रूप देने के लिए फांसी के फंदे पर लटका दिया। सभी घटनाओं की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच की। मालूम हो कि मंगलवार को जहां चार लोगों ने फांसी लगाई थी, वहीं बुधवार को छह लोगों ने अपनी जान दी। फिलहाल पुलिस घटना के पीछे के कारणों का पता लगा रही है।