बदायूं: महिला की गैर इरादतन हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार...दूसरे समुदाय के लोगों ने बुरी तरह पीटा था, इलाज के दौरान हुई थी मौत

बदायूं: महिला की गैर इरादतन हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार...दूसरे समुदाय के लोगों ने बुरी तरह पीटा था, इलाज के दौरान हुई थी मौत

बदायूं, अमृत विचार। थाना हजरतपुर क्षेत्र के गांव असफपुर में दूसरे समुदाय के लोगों ने महिला को बुरी तरह से पीटा था। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई थी। परिजनों ने जाम लगाया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। बुधवार को एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया है। एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। 

गांव असफपुर निवासी नन्हकू की पत्नी विमला देवी को पुरानी रंजिश के चलते उसके पड़ोसी आरिफ, उसकी पत्नी पूनम, मां नाजिमा व भाई आबिद ने 6 अक्टूबर को पीटा था। शिकायत करने के बाद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। आरोपियों ने 10 व अक्टूबर को भी विमला देवी को पीटा। वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। 

परिजनों ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। शनिवार रात महिला की मौत हो गई। गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने हजरतपुर-सैजनी मार्ग पर जाम लगाते हुए दारोगा अनोज पर आरोप लगाया। अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया था। 

चार आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने आरिफ को गिरफ्तार करके जेल भेजा था। बुधवार को पूनम और आबिद को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों को जेल भेजा गया है। थानाध्यक्ष विक्रम सिंह ने बताया कि दो आरोपियों को जेल भेजा गया है। जबकि फरार चल रही महिला की तलाश की जा रही है।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: किशोरी ने मरने से पहले दोस्त से की थी शादी की बात...फिर तालाब में मिली लाश, दो को भेजा गया जेल