लखनऊ: गोमती पार्क होगा गुलजार, चलेगा म्यूजिकल फाउंटेन

उपाध्यक्ष ने गोमती पार्क व रिवर फ्रंट का किया निरीक्षण, कमियों पर फटकार 

लखनऊ: गोमती पार्क होगा गुलजार, चलेगा म्यूजिकल फाउंटेन
गोमती पार्क में निरीक्षण के दौरान मानचित्र देखकर जानकारी करते उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार।

लखनऊ, अमृत विचार। लखनऊ विकास प्राधिकरण का 1090 चौराहे पर बना गोमती पार्क फिर गुलजार होगा। पार्क में तीन साल से बंद पड़ा म्यूजिकल फाउन्टेन चालू होगा। इसके अलावा समतामूलक व 1090 चौराहे का सौंदर्यीकरण, फसाड लाइटिंग व लैंडस्केप के साथ हाॅर्टीकल्चर के आकर्षक कार्य कराए जाएंगे। 

बुधवार को उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने सबसे पहले गोमती पार्क का निरीक्षण किया। जहां आगंतुकों की संख्या काफी कम मिलने पर सम्बंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया। पता चला कि पार्क में स्थापित म्यूजिकल फाउन्टेन तीन साल से बंद है, इस वजह से ज्यादा लोग घूमने नहीं आते हैं। इस पर उपाध्यक्ष ने नाराजगी जताई और तीन दिन के अंदर म्यूजिकल फाउन्टेन चालू कराने के निर्देश दिए। यह भी कहा कि प्रवेश टिकट पूर्व की तरह 25 रुपये ही रखी जाए और शाम 7 से रात 9 बजे तक फाउन्टेन संचालित किया जाए। 

इसके बाद 1090 चौराहे के खंड-1, 2 व 3 में बने पार्कों का निरीक्षण किया। इस दौरान पाथ-वे पर गंदगी मिली। घास की कटिंग होना नहीं पाया। साथ ही जगह-जगह खराब लाइट देखकर व्यवस्थापकों को फटकार लगाई और एक सप्ताह के अंदर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। कहा, निर्धारित समय में कमियों दूर नहीं हुई तो सम्बंधित अधिकारियों व कर्मचारियों का वेतन रोक दिया जाएगा। वूमन पावर लाइन के कार्यालय में लगे स्मारक समिति के सफाई कर्मियों को वहां से हटाकर वाह्य क्षेत्र की साफ-सफाई के कार्य में लगाया जाए। इस मौके पर उद्यान अधिकारी शशि कुमार भारती, डाॅ. भीमराव अम्बेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल के प्रबंधक यमन हफीज, सहायक उद्यान अधिकारी मोहम्मद इमरान व सहायक अभियंता विशाल यादव उपस्थित रहे।

रिवर फ्रंट बनेगा उपयोगी, खुलेगी अमृत वाटिका
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने गोमती रिवर फ्रंट के छह किमी लंबे स्ट्रेच का निरीक्षण किया।निर्देश दिए कि गोमती बैराज से लेकर डालीगंज पुल तक रिवर फ्रंट को 500-500 मीटर के क्लस्टर में बांटा जाए। प्रत्येक क्लस्टर को आम जनता के लिए उपयोगी बनाते हुए किड्स जोन, प्ले-एरिया व पार्किंग विकसित किया जाए। साथ ही अलग-अलग प्रकार की मनोरंजक गतिविधियां संचालित कराई जाएं। इसके बाद हनुमान सेतु के पास एलडीए द्वारा निर्मित अमृत वाटिका का निरीक्षण किया। निर्देश दिए कि प्रवेश टिकट की दर निर्धारित करते हुए आम जनता के लिए खोल दिया जाए।

ये भी पढ़ें-लखनऊ के इस इलाके में पत्थरों पर उभरने लगी आकृतियां, देख कर रह जायेंगे दंग