अयोध्या : डेढ़ दशक बाद पॉलिटेक्निक में महिला छात्रावास की बढ़ी आस 

-156 लाख की इस योजना का इसी साल पूर्ण कार्य, 60 कमरों के निर्माण व साज-सज्जा के लिए कवायद शुरू

अयोध्या :  डेढ़ दशक बाद पॉलिटेक्निक में महिला छात्रावास की बढ़ी आस 

अयोध्या, अमृत विचार। लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित पॉलिटेक्निक में निर्माणाधीन महिला छात्रावास के पूरे होने की आस बढ़ गई है। प्रस्तावित छात्रावास के निर्माण की योजना पर फिर से काम शुरू हुआ है। शासन स्तर से अवशेष लागत की रकम अवमुक्त होने के बाद कार्यदायी संस्था ने योजना को धरातल पर उतारने के लिए कवायद शुरू कर दी है।  

बताया गया कि राजकीय पॉलिटेक्निक के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण के लिए आने वाली लड़कियों को परिसर में ही आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 2009 में एक-एक क्षमता के कुल 60 कमरों के निर्माण की योजना पर काम शुरू हुआ था। शासन की ओर से योजना को धरातल पर उतारने का जिम्मा उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण एवं श्रम विकास सहकारी संघ लिमिटेड ( लैकफेड) को सौंपा गया था। कार्यदायी संस्था की ओर से प्रक्रिया शुरू की गई और निविदा के बाद निर्माण कार्य भी प्रारंभ कराया गया।

हालांकि वर्ष 2011 तक कार्यदायी संस्था केवल सिवल कार्य का लगभग आधा काम ही करवा पाई और इसके बाद योजना पर काम रुक गया। लगभग डेढ़ दशक बाद अब तकनीकी शिक्षा विभाग और शासन को इस लंबित योजना की सुधि आई है। जिसके बाद तमाम औपचारिकताओं को पूरा कराने के बाद योजना को धरातल पर उतारने के लिए फिर से कवायद शुरू हुई है। योजना की संशोधित लागत एक करोड़ 56 लाख दो हजार रूपये आंकी गई है और कार्यदायी संस्था की ओर से वर्ष 2009 में 24.17 लाख व वर्ष 2011 में 21.25 लाख रूपये व्यय किए गए थे। अवशेष निर्माण कार्य को पूरा कराने का जिम्मा शासन की ओर से यूपीसीएलडीएफ को सौंपा गया है। यूपीसीएलडीएफ ने 60 कमरों के महिला छात्रावास को पूरा कराने के लिए अग्रिम प्रक्रिया शुरू कर दी है और योजना को इसी वर्ष के अंत तक पूरा कर लिए जाने का लक्ष्य रखा गया है।    

किस मद में खर्च होनी है कितने लाख की धनराशि 
सिविल कार्य                         82.34 
जलापूर्ति व सेनेटरी                15.41  
विद्युतीकरण                       16.48  
चारदीवारी                           23.40  
द्वार                                     1.61  
रेन वाटर हार्वेस्टिंग                6.84 
सीसी सड़क                         1.71
समरसेबुल बोरिंग                 1.31
अग्निशमक संयंत्र                  6.92

राजकीय पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य जयराज ने बताया कि वर्ष 2009 में महिला छात्रावास के निर्माण का कार्य शुरू हुआ था लेकिन पूरा नहीं हो पाया। अब योजना को पूरा करने के लिए नए सिरे से पहल शुरू हुई है।  गुणवत्ता तथा मानक के साथ कार्यदायी संस्था यूपीसीएलडीएफ को जल्द से जल्द कार्य पूरा कराने को कहा गया है। 

यह भी पढ़ें :- लखनऊ क्राइम ग्राफ : छमाही अपराध, पश्चिम जोन में तबाड़तोड़ वारदात