खटीमा: बिजली का करंट लगने से महिला की मौत

खटीमा: बिजली का करंट लगने से महिला की मौत

खटीमा, अमृत विचार। बिजली के करंट की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। वहीं एक अन्य महिला भी करंट की चपेट में आकर झुलस गई। झुलसी महिला को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बुधवार को विमला देवी (40) पत्नी नारायण सिंह मेहरा निवासी वार्ड संख्या-20 हिलव्यू कॉलोनी को नहाने के लिए नल पर जाते ही करंट लग गया और वह अचेत होकर गिर गईं। घर में मौजूद उनकी बेटी दिव्या ने मां को अचेत अवस्था में देख पड़ोसियों को बुलाया। इसी दौरान उनकी पड़ोसी नीरू देवी (50) भी मौके पहुंचीं, वह नल पर हाथ धोने गई तो वह भी करंट की चपेट में आकर झुलस गईं। स्थानीय लोगों ने दोनों महिलाओं को नागरिक अस्पताल लाया गया।

जहां चिकित्सकों ने विमला देवी को मृत घोषित कर दिया। वही करंट से झुलसी नीरू का उपचार शुरू कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पड़ोसियों ने बताया कि उनका पति नारायण सिंह दिल्ली में प्राइवेट जॉब करता है।

इनका परिवार मूलरूप से गंगोलीघाट पिथौरागढ़ का निवासी है। चार साल पहले काम की तलाश में यहां आये और किराये के मकान में रहने लगे। मृतका की तीन पुत्रियां दिव्या, नेहा, निशा व पुत्र योगेश है। पडोसियों ने घटना की सूचना मृतका के पति नारायण सिंह को दे दी है।