रामपुर: हाथों की मेहंदी का रंग भी नहीं उतरा और हो गई मौत, सड़क हादसे में चार अन्य घायल

रामपुर: हाथों की मेहंदी का रंग भी नहीं उतरा और हो गई मौत, सड़क हादसे में चार अन्य घायल

सैदनगर, अमृत विचार: शुक्रवार शाम दो बाइक की आमने-सामने की टक्कर के बाद महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में महिला का पति और पिता के अलावा दूसरी बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जबकि, महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। महिला की शादी दो माह पूर्व हुई थी उसके हाथों की मेहंदी का रंग भी नहीं उतरा था।  महिला की मौत से उसके मायके और ससुराल में कोहराम मचा है। 

हादसा थाना क्षेत्र के अजीमनगर चौराहे पर शुक्रवार शाम को हुआ। खेमपुर मझरा चांद निवासी युवक नाजिम की शादी दो माह पहले अजीमनगर निवासी रोबीना के साथ हुई थी। शुक्रवार दोपहर नाजिम अपनी पत्नी को दवा दिलाने के लिए शहर ले गया था। वापस आते समय रास्ते में उसके ससुर रियाजुल नबी भी मिल गए। युवक ने रास्ते से अपने ससुर को भी बाइक पर बैठा लिया। 

उन्हें ससुराल छोड़ने के लिए जाने लगा। बताते हैं अजीमनगर चौराहे पर सामने से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में रोबीना उम्र 25 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। रुबीना का पति नाजिम और पिता रियाजुल नबी, दूसरी बाइक पर सवार बहादुरगंज गांव निवासी मुशर्रफ और राशिद गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर एकत्र होने लगी। 

सूचना मिलते ही पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मौके पर लगी भीड़ को भी हटा दिया। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। हादसे की सूचना महिला के घर पहुंची तो कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन भी घटनास्थल की ओर दौड़ने लगे। 

शादी की खुशियां नहीं भूल पाए थे परिजन
अजीमनगर निवासी रोबीना की शादी दो माह पहले उसके परिजनों ने खुशी के साथ की थी। परिजन अभी शादी की खुशियों को नहीं भुला पाए थे कि शुक्रवार शाम को हुए हादसे में 25 साल की रोबीना की मौत हो गई। जानकारी मिलने के बाद रोबीना के परिजनों के पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। परिजन मौके की ओर दौड़ पड़े। बेटी के शव को देखकर रोना पीटना शुरू कर दिया।

हादसे में महिला की मौत हो गई।परिजनों की ओर से  जो भी तहरीर आएगी, उसके बाद  ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है- अजयपाल सिंह अजीमनगर, थाना प्रभारी

यह भी पढ़ें- रामपुर: ट्रांसपोर्टर के बंद घर से दस लाख की चोरी, मचा हड़कंप