हल्द्वानी: आसमान से बरस रही आग और लू से हाल बेहाल

हल्द्वानी: आसमान से बरस रही आग और लू से हाल बेहाल

हल्द्वानी, अमृत विचार। हल्द्वानी और आसपास के मैदानी इलाकों में प्रचंड गर्मी का प्रकोप है। दिनभर लू के थपेड़े चल रहे हैं। सुबह सात बजे से ही मौसम गर्म हो रहा है। रात को भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में इसी तरह गर्मी रहने का अनुमान जताया है।

रविवार को सुबह से ही मौसम गर्म रहा। सुबह सात बजे से ही गर्मी का अहसास होने लगा था। शहर व आसपास के अधिकांश इलाकों में बिजली नहीं होने से गर्मी ने लोगों को और भी परेशान कर दिया। हल्द्वानी में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर में लू के थपेड़े चलते रहे। तपिश की वजह से लोगों का घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो रहा था।

बाजार में दोपहर के समय अपेक्षाकृत कम भीड़ रही। लू के थपेड़े और गर्मी की वजह से दोपहिया वाहन चालकों को भी वाहन चलाने में दिक्कत उठानी पड़ी। 
 इधर, मौसम विभाग के अनुसार गर्मी से मैदानी इलाकों में फिलहाल कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। इसी तरह मौसम बना रहेगा। आने वाले दिनों में मैदानी इलाकों में शुष्क मौसम रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार इस बार लू के दिन भी बढ़ गए हैं। आम तौर पर लू पांच से सात दिनों तक चलती थी, लेकिन इस बार जून माह तक लू चलती रहेगी।

तीन वर्षों बाद मई में पारा 40 डिग्री पहुंचा
पिछले तीन वर्षों में हल्द्वानी में मई माह में अधिकतम तापमान में राहत थी। वर्ष 2021 में 16 मई को अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस, वर्ष 2022 में 20 मई को 39.2 डिग्री सेल्सियस और वर्ष 2023 में 22 मई को 38.2 डिग्री सेल्सियस तक पारा रहा। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पास नहीं पहुंचा था, लेकिन इस वर्ष पांच मई को ही तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

बारिश न होना तापमान बढ़ोत्तरी का कारण
अलनीनो वर्ष के साथ ही इस वर्ष गर्मी के मौसम में बारिश कम हुई है। मई माह में हल्द्वानी में अभी तक दो मिमी बारिश हुई है। मई माह में पिछले तीन वर्षों की बात करें तो वर्ष 2023 में 103 मिमी, वर्ष 2022 में 49.7 मिमी और वर्ष 2021 में 156.5 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।

उष्ण लहर को जारी हुआ था ऑरेंज अलर्ट 
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने रविवार को राज्य के मैदानी इलाकों में उष्ण लहर (हीट वेव) को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। जिसका असर भी देखने को मिला। यही नहीं पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान में उछाल आया। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस व अल्मोड़ा में 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कुमाऊं के मैदानी इलाकों में रविवार को गर्मी का खासा प्रकोप रहा है। दोपहर के समय लू भी चली है। पिछले दिनों की अपेक्षा रविवार काफी गर्म दिन रहा। गर्मी से फिलहाल राहत नहीं मिलेगी।
- डॉ. आरके सिंह, मौसम वैज्ञानिक, जीबी पंत कृषि विश्वविद्यालय पंतनगर

ताजा समाचार

बरेली: बॉम्बे हाईकोर्ट में दाखिल ब्योरे पर रबड़ फैक्ट्री के कर्मचारियों से मांगी सहमति, 21 दिन के अंदर मांगा जवाब
बरेली: यात्रियों से भरी बस में लगी आग, 40 लोग थे सवार...बड़ा हादसा टला
कश्मीर में दो जगहों पर आतंकवादी हमला, शोपियां में पूर्व सरपंच और पहलगाम में राजस्थान के दंपती को मारी गोली
बरेली: चौकीदार की पिटाई के मामले में कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, होमगार्डों को बर्खास्त करने की मांग
औरैया: चालक की निशानदेही पर पुलिस ने बरामद किया नर कंकाल, जानिए पूरा मामला
सेक्स स्कैंडल मामला: प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ अदालत ने जारी किया गिरफ्तारी वारंट