शाहजहांपुर: महिला का रस्सी के सहारे कुंडे से लटका मिला शव, हत्या की आशंका

शाहजहांपुर, अमृत विचार: शहर के मोहल्ला लोधीपुर में एक महिला का शव कमरे में पंखे के कुंडे से रस्सी से लटका मिला है। मृतका के पति ने शव को नीचे उतार लिया। इधर, मृतका के मायके वाले पहुंचे और शव को जमीन पर पड़ा पाया। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है।
रोजा थाना क्षेत्र के मोहल्ला लोधीपुर निवासी मयंक शर्मा बुधवार की रात आठ बजे मोहल्ले में किसी के घर गया था। उसकी आठ वर्षीय बेटी घर के बाहर खेल रही थी। उसकी 30 वर्षीय पत्नी घर में अकेली थी। उसका पति नौ बजे के बाद घर पर आया तो उसने पत्नी को आवाज लगाई। मकान में पत्नी की आवाज सुनाई नहीं दी। उसने एक कमरे का दरवाजा खोला तो देखा कि उसकी पत्नी आकांक्षा पंखे के कुंडे से रस्सी से लटकी हुई है। उसने शोर मचाया तो मोहल्ले वालों की मदद से उसे नीचे उतार लिया।
उन्होंने डॉक्टर को बुलाकर दिखाया तो डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतका के पति ने बताया कि उसकी पत्नी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। इधर, मृतका के पिता मनोज कुमार, निवासी गौहरपुरा, थाना रामचंद्र मिशन, अपनी बेटी की ससुराल देर रात पहुंचे। उन्होंने बताया कि अपनी पुत्री आकांक्षा की शादी आठ वर्ष पहले मयंक शर्मा के साथ की थी। उन्हें पुत्री के पड़ोसी ने फोन पर रात में सूचना दी कि आकांक्षा की मृत्यु हो गई है।
उन्होंने पुत्री का शव तख्ते पर पाया। उन्होंने डायल 112 को सूचना दी। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री को मयंक शर्मा ने मारकर शव को लटका दिया है। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- Bareilly: कैंसर को दी मात, मगर पति की बेवफाई नहीं हुई बर्दाश्त, फंदे से लटककर महिला ने की आत्महत्या