विस चुनाव परिणाम चौंकाने वाले होंगे, हारेंगे कई दिग्गजः जयराम ठाकुर

शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि इस बार विधानसभा चुनाव के परिणाम चौंकाने वाले हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ कांग्रेसी नेता मुख्यमंत्री बनने का सपने देख रहे हैं और दिल्ली में डटे हैं लेकिन मुख्यमंत्री तो तब बनेंगे, जब वे जीत पायेंगे। ठाकुर ने सोमवार को यहां कहा कि कांग्रेस के बड़े-बड़े दिग्गजों की सीट अभी फंसी हुई है। सरकार तो भाजपा ही बनाएगी। उन्होंने कहा कि इस बार विधानसभा चुनाव के परिणाम चौंकाने वाले होंगे और बड़ों-बड़ों के हारने की नौबत है, जो पिछली विधानसभा में थे, इस बार नजर नहीं आएंगे।
ये भी पढ़ें- दुर्गम जंगलों में रण कौशल के जौहर दिखायेंगे भारत और मलेशिया के सैनिक
चुनाव में पुरानी पेंशन योजना अवश्य मुद्दा था, लेकिन कर्मचारियों ने भाजपा को भी वोट किया है, जो आठ दिसंबर को होने वाली मतगणना में नजर आएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार और हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार ही विकास को दिशा दे सकती है। इस बार के चुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों तरफ से संयम बरता गया और ऐसी बयानबाजी नहीं हुई। कांग्रेस के नेता पहले विधायक बन जीतकर तो आ जाएं, तब मुख्यमंत्री बनेंगे।
मुख्यमंत्री बनने के लिए दिल्ली की दौड़ लगी हुई है और दिल्ली के नेता मिलने से इन्कार कर रहे हैं। कांग्रेस से तो आठ दिसंबर का भी इंतजार नहीं हो रहा है। महिलाओं के प्रदेश में ज्यादा मतदान को लेकर ठाकुर ने कहा कि महिलाओं के लिए भाजपा ने जो बेहतर कार्य किए हैं, उनके परिणाम भाजपा के हित में आयेंगे।
ये भी पढ़ें- IIT-मद्रास के छात्रों ने लॉन्च की देश की पहली Electric फॉर्मूला रेसिंग कार