मुरादाबाद : नेहा की गिरफ्तारी को बुना जेल में मुखबिरों का जाल

मुरादाबाद : नेहा की गिरफ्तारी को बुना जेल में मुखबिरों का जाल

मुरादाबाद,अमृत विचार। फहीम की दूसरी बीवी नेहा की गिरफ्तारी चुनौती बनकर फिर पुलिस के सामने है। चुनौती से पार पाने के प्रयासों में पाकबड़ा पुलिस ने जिला जेल में मुखबिरों का नया जाल खड़ा किया है। पुलिस को यकीन है कि पूछताछ में खुलकर बोलने से परहेज करने वाला शातिर फहीम जेल में जुबां जरूर …

मुरादाबाद,अमृत विचार। फहीम की दूसरी बीवी नेहा की गिरफ्तारी चुनौती बनकर फिर पुलिस के सामने है। चुनौती से पार पाने के प्रयासों में पाकबड़ा पुलिस ने जिला जेल में मुखबिरों का नया जाल खड़ा किया है। पुलिस को यकीन है कि पूछताछ में खुलकर बोलने से परहेज करने वाला शातिर फहीम जेल में जुबां जरूर खोलेगा। ऐसे में पुलिस को फहीम के सीने में दफन राज आसानी से हाथ लगने की उम्मीद है। यही वजह है कि मुखबिर तंत्र को नए सिरे से जेल में खड़ा करने की कवायद हो रही है।

करोड़ों की चोरी, लूट व हत्या आदि को पलक झपकते अंजाम देने के आरोपी फहीम पर 100 से अधिक मुकदमे देश के विभिन्न थानों में दर्ज हैं। मुरादाबाद पुलिस ने फहीम एटीएम को लगभग एक वर्ष पहले गिरफ्तार किया था। छह मई को बिजनौर पुलिस की लापरवाही से हाशमपुर चौराहे से फरार हो गया था। 42 दिनों के बाद गुरुवार देर शाम मुरादाबाद पुलिस के प्रयासों से फहीम दोबारा 16 जून को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ में गोली लगने से फहीम भाग नहीं सका। उससे सहारनपुर नंबर की एक कार व एक तमंचा बरामद कर एसओजी व पाकबड़ा पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।

फहीम की फरारी की मास्टरमाइंड नेहा फरार
फहीम मुरादाबाद समेत पश्चिम यूपी, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, दक्षिण भारत के कई शहरों में सराफा कारोबारियों में आतंक का पर्याय है। उसके हत्थे चढ़ने के बाद भी पुलिस चैन की सांस नहीं ले सकी है। उसकी फरारी की मास्टरमाइंड नेहा कानून की गिरफ्त से दूर है। इधर, फहीम के सीने में कई राज दफन हैं, जिनके आम होने का इंतजार पुलिस को है। नेहा व फहीम के सीने में दफन राज तक पहुंचने के प्रयास में ही पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया है। नेहा की गिरफ्तारी के बाबत थाना प्रभारी पाकबड़ा ने बताया कि पुलिस नेहा तक पहुंचने का प्रयास जारी है। जल्द नेहा की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

फहीम से बरामद तमंचा इंग्लैंड मेड होने के दावे
पाकबड़ा पुलिस ने फहीम की गिरफ्तारी के दौरान जो कार बदमाश के कब्जे से बरामद की, वह चोरी की है। पुलिस का यह संदेह लगातार पुख्ता होने की ओर बढ़ रहा है। पाकबड़ा थाना प्रभारी के मुताबिक चेचिस पर चस्पा नंबर पूरा नहीं है। चेचिस नंबर मिटाने की कोशिश की गई है। ऐसे में शातिर बदमाश द्वारा फरारी के दौरान चोरी की कार का उपयोग करने की आशंका हैँ। जांच जारी है। कुछ ही दिनों में संदेह को पुख्ता कर लिया जाएगा। उधर, फहीम से बरामद तमंचा इंग्लैंड मेड होने के दावे भी हो रहे हैं। हालांकि थाना प्रभारी ने इसकी पुष्टि से सीधे तौर पर इन्कार कर दिया।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : दिल्ली हाईवे की निगरानी में पूरे दिन दौड़ लगाती रही पुलिस, मूंढापांडे टोल प्लाजा पर अफसरों ने डाला डेरा