बदायूं: हीट वेव से बचाव को आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए बनेगा वार्ड

बदायूं, अमृत विचार: जिला अस्पताल में पहली बार आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को हीट वेव से बचाने के लिए आयुष्मान वार्ड बनाया जाएगा। यहां आयुष्मान कार्ड धारक भर्ती किए जाएंगे। बेहतर इलाज के साथ चाय नाश्ता और समय से भोजन दिया जाएगा। गर्मी में एसी और कूलर से उनको राहत पहुंचाई जाएगी। वार्ड में मुख्यमंत्री की आयुष्मान योजना के प्रचार प्रसार के लिए बैनर व पोस्टर लगाए जाएंगे। मरीज ठीक होने के बाद अपने क्षेत्र में योजना का प्रचार करेंगे।
शासन स्तर से इस बार गर्मी और लू से बीमार होने वाले गरीबों के लिए जिला अस्पताल में आयुष्मान वार्ड बनाया जा रहा है। आयुष्मान कार्ड धारक को इस वार्ड में भर्ती किया जाएगा। शासन की मंशा है कि आयुष्मान कार्ड धारक के जरिए ही योजना का प्रचार प्रसार किया जा सकता है इसलिए उन्हें 12 बेड के आयुष्मान वार्ड में भर्ती किया जाएगा। वार्ड में नए बेड, नई चादर, नई डस्टबिन, नई बेंच, विंडो पर नए पर्दे आदि लगाए जाएंगे। दीवारों पर आयुष्मान योजना के बारे में जानकारी दी जाएगी।
योजना से कितने लोग लाभान्वित हुए हैं कौन कौन सी सुविधाएं सरकार दे रही है इन सबके बारे में जानकारी दी जाएगी। जो मरीज इस वार्ड में भर्ती होंगे वह शासन की इस योजना को पढ़ेगे। जब वह स्वस्थ होकर अपने घर गांव पहुंचेंगे तो योजना के बारे में अन्य लोगों को बताएंगे। इससे योजना का प्रचार प्रसार होगा। जिला अस्पताल प्रशासन का कहना है कि आयुष्मान वार्ड एक अप्रैल से शुरू हो जाएगा। इसके बाद मरीजों को भर्ती किया जाएगा।
इस वार्ड में हर समय डॉक्टर और कर्मचारी तैनात रहेंगे। वार्ड के अंदर केवल मरीज और उसका एक परिजन रहेगा। इससे वार्ड में भीड़ न हो सके। अस्पताल प्रशासन की ओर से वार्ड के बाहर एक सुरक्षा गार्ड हर समय तैनात रहेगा। गरीब मरीजों को शाम को वार्ड से बाहर कुछ देर को घूमने की इजाजत होगी। अस्पताल कर्मचारी ही मरीज की दवा लेकर आएंगे और देंगे जिससे मरीज को किसी तरह की दिक्कत न हो।
बनाए जाएंगे मलेरिया के दो नए वार्ड
इस बार दो मलेरिया वार्ड बनाए जाएंगे। मरीज अधिक होने के कारण दोनों वार्डों में मरीज भर्ती किए जाएंगे। आशंका है कि इस वार लू और गर्मी अधिक रहेगी इसलिए अस्पताल प्रशासन की ओर से पहले से तैयारी की जा रही है। मरीजों को इलाज के लिए इधर उधर नहीं भटकना पड़ेगा। इससे पहले अस्पताल में एक वार्ड को ही मलेरिया वार्ड बनाया जाता था। इससे मरीजों को परेशानी होती थी।
इस बार लू और गर्मी से बचाने के लिए आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए नई व्यवस्था की गई है। मरीज को आयुष्मान कार्ड लाना अनिवार्य होगा तभी उसे भर्ती किया जाएगा। वार्ड को तैयार करने मे एक सप्ताह का समय लगेगा। एक अप्रैल से वार्ड में मरीज भर्ती किए जाएंगे- डॉ. कप्तान सिंह, सीएमएस।
यह भी पढ़ें- बदायूं में तेज हवाओं और बूंदाबांदी से गेहूं की फसल को हुआ नुकसान, किसानों की बढ़ी चिंता