मुरादाबाद: महिला रेल अधिकारी के पति ने कर ली दूसरी शादी, देवर रखता है बुरी नजर

पीड़ित रेल अधिकारी ने पति व ससुराल वालों के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट

मुरादाबाद: महिला रेल अधिकारी के पति ने कर ली दूसरी शादी, देवर रखता है बुरी नजर

मुरादाबाद, अमृत विचार। महिला रेल अधिकारी ने अपने पति व ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न, देवर पर बुरी नीयत रखने और पति पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले में जांच शुरू कर दी है।

मूल रूप से गाजियाबाद के मोदी नगर की रहने वाली महिला मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ अधिकारी के पद पर तैनात हैं। थाना सिविल लाइंस पुलिस को दी गई तहरीर में महिला रेलवे अधिकारी ने बताया कि उनकी शादी लखनऊ निवासी युवक से हुई थी। उनके पति ने खुद को एक साफ्टवेयर कंपनी में इंजीनियर बताया था। लेकिन शादी के बाद महिला रेल अधिकारी को जानकारी हुई कि उनका पति इंजीनियर नहीं है। बल्कि उसने विवाह एक पूर्व नियोजित आपराधिक षड्यंत्र करके धन लाभ कमाने के लिए किया है। वहीं शादी के कुछ बाद ही पति व उसके घर वालों ने 25 लाख रुपये की मांग करना शुरू कर दी। जिसके लिए पीड़िता का शारीरिक शोषण किया जाने लगा। पीड़िता का देवर उस पर बुरी नजर रखने लगा। 24 अप्रैल 2019 को पीड़िता ने एक बेटी को जन्म दिया। जिसके बाद पति व ससुराल वाले पीड़िता का और उत्पीड़न करने लगे। जबकि पीड़िता अपनी बेटी का पालन पोषण अपने पैसे से करती है।

पीड़िता के अनुसार बेटी की देखभाल के लिए उन्होंने अपनी छोटी बहन को अपने घर में रख लिया तो पति उस पर बुरी नजर रखने लगा। कई बार पति ने पीड़िता की गैरमौजूदगी में उसकी बहन के साथ जबरदस्ती की। जिसके चलते बहन पीड़िता के घर से चली गई। पीड़िता रेल अधिकारी अब तक अपने पति व ससुराल वालों को 20 लाख रुपये और एक कार दे चुकी है, लेकिन उनकी मांग और बढ़ती जा रही है। पीड़िता के अनुसार उनका पति कवि सम्मेलनों में उनका नाम इस्तेमाल करता है। इस दौरान पीड़िता को जानकारी हुई कि उत्तराखंड में रहने वाली एक महिला से उसके पति के अवैध संबंध है और पीड़िता के जीवित रहते हुए पति ने उस महिला से दूसरा विवाह कर लिया है। दोनों पति-पत्नी के रूप में एक साथ रहते है। पीड़िता का यह भी आरोप है कि उसके पति ने धमकी दी है कि मेरे या मेरे परिवार के खिलाफ कोई कार्रवाई की तो मैं तुम्हारी बेटी का अपहरण करके उसकी हत्या कराकर, उसका इल्जाम तुम्हारे ऊपर लगवाकर जेल भिजवा दूंगा। तुम्हारी नौकरी खा जाऊंगा। जिसके बाद आरोपी पति घर से जेवरात, जरुरी कागजात अपने साथ लेकर चला गया है। इस संबंध में थाना सिविल लाइंस प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना ने बताया कि तहरीर के आधार पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच कराई जा रही है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें - मुरादाबाद : दो पक्षों में हुई कहासुनी, घर में घुसकर दबंगों ने दो भाइयों को घोंपा चाकू...जानिए पूरा मामला