शाहजहांपुर: जलालाबाद में बाईपास बनाने का आदेश जारी, जाम से मिलेगी राहत

शाहजहांपुर: जलालाबाद में बाईपास बनाने का आदेश जारी, जाम से मिलेगी राहत

शाहजहांपुर अमृत विचार: जलालाबाद की जनता को अब जाम से मुक्ति मिलने का रास्ता साफ हो गया है। जलालाबाद में बाईपास बनाने की आंवला सांसद की मांग को केन्द्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने मंजूर कर लिया है। आंवला सांसद ने जलालाबाद में बाईपास बनाने का पत्र केन्द्रीय मंत्रीको सौंपा है। सांसद ने बताया है कि बाईपास बनाने का आदेश जारी कर दिया गया है।

राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 730सी जलालाबाद नगर के बीच से होता हुआ निकलता है। यह मार्ग बरेली से कानपुर जाता है। शहरी यातायात के साथ हाईवे पर बड़े वाहनों की आवाजाहीसे यहां अक्सर जाम लगा रहता है। इससे जनता परेशान होती है। जलालाबाद के पूर्व विधायक और अब आंवला सांसद नीरज मौर्य ने जनताकी समस्या को उठाया और केन्द्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री से मिलकर जलालाबाद में बाईपास बनाने की मांग की।

सांसद ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने जलालाबाद में बाईपास बनाने का आदेश जारी कर दिया है। जल्द ही धरातल पर काम होता दिखाई देने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि जलालाबाद में बाईपास बनने से जाम से मुक्ति मिलेगी और विकास की नई राह खुलेगी। बाईपास न होने के चलते अब तक लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।

नितिन गडकरी को पत्र देकर सांसद मौर्य ने बताया कि जलालाबाद जिले का एक जनसंख्या बाहुल्य क्षेत्र है। यह कई अन्य बड़े शहरों से जुड़ता है। यहां पर भारी वाहनों का आवागमन अत्यधिक रहता है। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 730- सी नगर के बीच से गुजरता है। इस कारण स्थानीय लोगों को ट्रैफिक जाम और सुरक्षा संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

यहां लगातार व्यावसायिक गतिविधियां चलती रहती हैं और तमाम शैक्षिक संस्थान हैं। ऐसे में आवागमन बढ़ रहा है। यह क्षेत्र ऐतिहासिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है और यहां पर हर वर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक व यात्री आते हैं। ऐसे में भारी वाहनों का लगातार नगर में आवागमन सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है।

जनहानि का खतरा बना हुआ है। नगर के व्यापारी व छोटे उद्योगों के लिए भी यह ट्रैफिक जाम समस्याएं पैदा कर रहा है, जिससे आर्थिक गतिविधियां रुक रही हैं। उन्होंने जनहित को देखते हुए जलालाबाद में बाईपास बनाने की मांग केंद्रीय मंत्री से की ताकि स्थानीय निवासियों और ट्रांसपोर्टरों को राहत मिल सके। सांसद नीरज मौर्य ने बताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने जलालाबाद में बाईपास बनाने को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही उन्होंने विभाग को आदेश जारी कर दिया है।

ये भी पढ़ें- Shahjahanpur: यात्रीगण कृपया ध्यान दें...एक मई के लिए हो गई ये ट्रेन कैंसिल, यात्रियों की बढ़ी मुश्किल!