लखीमपुर खीरी: भाकिसं ने गैस प्लांट प्रशासन के खिलाफ उठाई आवाज, मजदूरों के हित में किया प्रदर्शन

लखीमपुर खीरी: भाकिसं ने गैस प्लांट प्रशासन के खिलाफ उठाई आवाज, मजदूरों के हित में किया प्रदर्शन

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: शहर के बेहजम रोड स्थित इंडेन गैस प्लांट के मजदूरों की तमाम समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संगठन ने मजदूरों के साथ प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र कुमार पंकज के नेतृत्व में प्लांट का घेराव कर धरना दिया। प्रशासन के हस्तक्षेप पर मौके पर पहुंचे प्लांट मैनेजर ने वार्ता कर समस्याओं का निस्तारण करने का आश्वासन दिया। इस पर धरना समाप्त हो सका।

भारतीय किसान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र कुमार पंकज की अगुवाई में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे बेहजम रोड स्थित इंडेन गैस प्लांट पहुंचे और मजदूरों के साथ मिलकर घेराव किया। प्लांट मैनेजर ने वार्ता करने के लिए प्रतिनिधि मंडल को अंदर बुलाया, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष और मजदूरों ने अंदर जाने से मना कर दिया।

प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र कुमार पंकज ने कहा कि जब तक प्लांट के मजदूरों की समस्याओं का समाधान नहीं हो जाता, तब तक मजदूर काम पर वापस नहीं जाएंगे, जिसका जिम्मेदार प्लांट प्रशासन खुद होगा। प्लांट प्रशासन मजदूरों का उत्पीड़न कर रहा है, जिसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

लखनऊ मंडल उपाध्यक्ष नरेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि इन कर्मचारियों के सहारे ही यह प्लांट चलता है। आम लोगों के घरों तक गैस पहुंचती है। इनका हित सर्वोपरि है। पूर्व जिला अध्यक्ष सद्दाम रहमानी ने कहा कि देश की तरक्की में मजदूरों का अहम रोल होता है। इंडेन गैस प्लांट प्रशासन अपनी हरकत से बाहर आए।

भारतीय किसान संगठन और मजदूरों की भीड़ को बढ़ता हुआ देख प्रशासन ने प्लांट मैनेजर को वार्ता करने हेतु बाहर बुलाया। प्लांट मैनेजर ने मौके पर पहुंचकर वार्ता की। वार्ता में मुख्य रूप से प्लांट के ड्राइवर और मजदूरों के साथ अभद्रता करना, मजदूरों और ड्राइवरों पर चोरी का इल्जाम लगाना, रात में ड्राइवर को रुकने की व्यवस्था न करना,

उन्हें प्लांट से बाहर भगा देना, बेवजह मजदूरों और ड्राइवर की एंट्री बंद करना, मजदूरों के ओवर टाइम का पूरा पैसा न देना, एक्सपायरी सिलेंडरों को बिना जांच के रंग करवाना और डेट बदलना जिससे आम जनता के जीवन से खिलवाड़ करने की बात रखी गई। प्लांट मैनेजर ने मांगों का निस्तारण करने का आश्वासन दिया।

इस दौरान अशोक यादव, राजेश शुक्ला, शिवम सैनी, इकबाल अहमद, पिंटू वर्मा, अंबिका वर्मा, घनश्याम यादव, इकलाख अहमद, कामिल उस्मानी, मनोज यादव, ललित मिश्रा, राजेश मिश्रा, संजय गोस्वामी, ज्ञानेंद्र सिंह, अरुण वर्मा आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: पूर्व सभासद ने फंदा लगाकर दी जान, पारिवरिक कलह से थे परेशान