प्रयागराज: पुलिस चौकी से चंद दूरी पर पेड़ पर फंदे से लटकता मिला लापता छात्रा का शव

प्रयागराज, अमृत विचार। दो दिन पहले घर से निकली छात्रा सरिता पटेल 21 वर्ष पुत्री दारा सिंह का शव कलंदरपुर पुलिस चौकी से चंद दूरी पर धोषणा गांव के बगीचे में पेड़ से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पहुंचे घरवालों के समक्ष शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। छात्रा की आंखों को चील कौए नोच डाले थे। शरीर पर कपड़े भी अस्त व्यस्त थे। घरवालों ने रेप के बाद हत्या करने की तहतीर दी है। मामले में पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।
मऊआइमा थाना क्षेत्र के ग्राम बेनी हासिमपुर (नई बाजार) की रहने वाली सरिता पटेल 21 वर्ष पुत्री दारा सिंह बीए की छात्रा थी। दो दिन पहले 16 मार्च की सुबह करीब आठ बजे वह घर से किसी काम से निकली थी। इसके बाद वह देर शाम तक घर नहीं लौटी। जिसके बाद परिजनों ने बेटी की काफी तलाश की। लेकिन कुछ पता नहीं चल सका।
युवती के पिता दारा सिंह ने सोमवार को मऊआईमा थाने में बेटी की गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। मंगलवार की शाम सोरांव थाना क्षेत्र के कलंदरपुर चौकी के धोषणा गांव के समीप एक बाग में पेड़ पर ऊंचाई से फंदे पर छात्रा झूलती हुई मिली। ग्रामीणों के देखने के बाद तत्काल सूचना सोरांव पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कर उसके परिजनों को सूचना दी।
पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाया तो देखा कि छात्रा की आंखों को चील कौए नोच खाए थे। शरीर पर कई चोट के निशान भी थे। शरीर के कपड़े भी फटे और अस्त व्यस्त थे। परिजनों के पहुंचने पर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने रेप के बाद हत्या की तहतीर दी है।
घरवालों के मुताबिक बेटी को कोई लड़का फोन पर परेशान करता था। पिता ने बताया कि वह चलने-फिरने में असमर्थ हैं। उन्हें हाल ही में पैरालिसिस का अटैक पड़ा था। परिवार में मां, दो भाई हैं। घरवालों की तहतीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- कानपुर: प्रेम विवाह का विरोध करने पर दी जान तो परिजनों ने बोरे में भरकर फेंका था शव