गोंडा: छह माह की कसरत बेकार, अमर किशोर फिर बने भाजपा के जिलाध्यक्ष

गोंडा, अमृत विचार। भाजपा जिलाध्यक्ष की घोषणा होने की सूचना पर सुबह से ही भाजपा कार्यालय पर दावेदार व कार्यकर्ता पहुंचने लगे। कार्यालय के बाहर वाहनों की कतार लग गई, विधायक भी पहुंच गए और चुनाव अधिकारी का इंतजार होने लगा। करीब एक दर्जन लोगों ने अपनी दावेदारी प्रबल मानकर कसरत करते दिखे लेकिन चुनाव अधिकारी ने सबकी कसरत पर पानी फेर दिया और एक बार फिर भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप को जिलाध्यक्ष बनाने की घोषणा कर दी। कुछ लोगों ने नारे लगाए तो कुछ ने संतोष दिखाया लेकिन कुछ के मन में टीस भी दिखी। लेकिन अमर किशोर कश्यप एक बार फिर पंचायत चुनाव, विधानसभा चुनाव कराएंगे, यह साफ हो गया।
छह माह पहले से भाजपा कार्यकारिणी चुनाव को लेकर कार्यक्रम जारी किया गया था। भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप को वर्ष 2021 में कमान सौंपी गई थी। उस समय भाजपा के जिलाध्यक्ष सूर्य नरायन तिवारी थे और उन्हें डेढ़ साल कार्यकाल के बाद ही हटा दिया गया था। और जिम्मेदारी कश्यप को दी गई। वह डेढ़ साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद जिलाध्यक्ष बनाए गए। फिर तीन साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद सांगठनिक चुनाव की प्रक्रिया 2024 में शुरू हुई। इसमें जिलाध्यक्ष पद के लिए आवेदन मांगे गए।
इसके लिए भाजपा जिला महामंत्री आशीष त्रिपाठी, राकेश तिवारी, अर्जुन प्रसाद तिवारी, अनुपम प्रकाश मिश्र, विद्याभूषण द्विवेदी, दीपक अग्रवाल, जसवंत लाल सोनकर, नीरज मौर्या, सूर्य नरायन तिवारी, दीपक गुप्ता सहित अन्य ने आवेदन किया था। तय मानक के अनुसार इसमें चार लोग ही मानक पर खरे उतर रहे थे लेकिन संगठन में विघटन न हो और जनप्रतिनिधियों की पैंतरेबाजी के कारण इसमें से किसी को जिलाध्यक्ष की कमान नहीं दी गई। रविवार को चुनाव अधिकारी अशोक सिंह सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर के साथ भाजपा कार्यालय पहुंचे। उनका लोगों ने स्वागत किया।
विधायक प्रेम नरायन पांडेय, बावन सिंह, प्रभात वर्मा, प्रतीक भूषण सिंह व जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र की उपस्थिति में चुनाव अधिकारी अशोक सिंह ने अध्यक्ष के नाम की घोषणा की। अशोक सिंह ने बताया कि प्रदेश चुनाव अधिकारी डा. महेंद्र नाथ पांडेय की संस्तुति के उपरांत अमर किशोर कश्यप को पुन: जिलाध्यक्ष बनाया गया है।
मंडल में दो जिले ओबीसी तो दो में ब्राह्मण चेहरा
देवीपाटन मंडल के चारों जिलों में जिलाध्यक्षों की घोषणा कर दी गई। इसमें बहराइच में ब्राह्मण चेहरा बृजेश पांडेय को जिम्मेदारी दी गई तो बलरामपुर में तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल के दामाद रवी मिश्रा को जिम्मेदारी दी गई, जबकि श्रावस्ती में मिश्री लाल वर्मा तथा गोंडा में अमर किशोर कश्यप को जिम्मेदारी दी गई। मंडल के चारों जिलों में एससी को जिम्मेदारी नहीं मिली, जबकि गोंडा में जसवंत लाल सोनकर ने दावेदारी की थी। हालांकि लोगों को विश्वास था कि गोंडा में इस बार बदलाव होगा और किसी ब्राह्मण चेहरे को जिम्मेदारी दी जा सकती है लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
ये भी पढ़ें- गोंडा: प्रेम-प्रसंग में युवक की गला काटकर हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार...5 दिन से लापता था मृतक