Unnao: पर्वतारोही और एटीएस कमांडो आशीष दीक्षित ने बढ़ाया देश का मान, गरुण पर्वत पर फहराया तिरंगा

Unnao: पर्वतारोही और एटीएस कमांडो आशीष दीक्षित ने बढ़ाया देश का मान, गरुण पर्वत पर फहराया तिरंगा

शुक्लागंज, उन्नाव, अमृत विचार। गंगा घाट कोतवाली क्षेत्र के कर्मी बिझलामऊ निवासी स्वर्गीय अवधेश दीक्षित के बेटे पर्वतारोही व एटीएस कमांडो आशीष दीक्षित ने उत्तराखंड के चमोली जनपद में स्थित 6000 मीटर ऊँची गरुण पर्वत चोटी पर सफलतापूर्वक आरोहण किया। उन्होंने यह अभियान 7 से 15 अक्टूबर 2024 के बीच आयोजित किया, जिसमें 13 अक्टूबर को चोटी पर चढ़ाई पूरी की। आशीष ने जोशीमठ से अपनी चढ़ाई की शुरुआत की और भारतीय तथा उत्तर प्रदेश पुलिस का ध्वज फहराया।

आशीष का पर्वतारोहण का सपना बचपन से था, जिसे उन्होंने 2015 में उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के रूप में भर्ती होकर पूरा किया। इसके बाद उन्होंने कमांडो ट्रेनिंग प्राप्त की और एटीएस कमांडो यूनिट में शामिल हुए। आशीष ने विभिन्न पर्वतारोहण प्रशिक्षण भी लिया है और कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय चोटियों को फतह किया है। उनकी प्रमुख सफलताओं में लेह में माउंट कांगड़ी (6152 मीटर), कांग यात्से द्वितीय (6250 मीटर), हिमाचल में माउंट यूनम (6111 मीटर) और माउंट फ्रेंडशिप (5287 मीटर) शामिल हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, उन्होंने माउंट किलिमंजारो (5895 मीटर) और रूस की माउंट अल्बर्स (5692 मीटर) पर भी सफलता पाई।

आशीष को 2020 में उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक का रजत पदक भी मिल चुका है। वे उन्नाव जनपद के कर्मी बिजलामऊ निवासी स्वर्गीय श्री अवधेश दीक्षित के पुत्र हैं और वर्तमान में एटीएस लखनऊ यूनिट में तैनात हैं। आशीष की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया है।