Kannauj: माता के दर्शन कर घर से निकले...फतेहपुर में सड़क हादसे का हुए शिकार, वरिष्ठ पत्रकार व कांग्रेसी नेता समेत तीन ने गंवाई जान

Kannauj: माता के दर्शन कर घर से निकले...फतेहपुर में सड़क हादसे का हुए शिकार, वरिष्ठ पत्रकार व कांग्रेसी नेता समेत तीन ने गंवाई जान

कन्नौज, अमृत विचार। शहर के सिद्धपीठ माता सिंहवाहिनी देवी के दर्शन कर घर से निकले तीन लोगों को क्या पता था कि फतेहपुर में उनका इंतजार मौत कर रही है। शहर के वरिष्ठ पत्रकार व वरिष्ठ कांग्रेसी नेता गुरसहायगंज निवासी चालक के साथ कारसे प्रयागराज के लिए रवाना हुए थे। 

लगभग दो घंटे ही बीते होंगे कि फतेहपुर में भीषण हादसे में तीनों की जान चली गई। खबर घर के साथ शहर तक पहुंची तो लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। उधर जानकारी मिलते ही परिजन फतेहपुर रवाना हो गए जहां से देर रात तक शव लेकर लौटने की संभावना है।

शहर के मकरंदनगर निवासी गोमती देवी गर्ल्स इंटर कालेज के प्रबंधक व कांग्रेसी नेता अविनाश चंद्र दुबे बुधवार की सुबह सिद्ध पीठ माता सिंहवाहिनी के दर्शन करने के बाद खुद की कार से किसी काम से प्रयागराज के लिये करीब छह बजे निकले थे। उनके साथ मोहल्ला ग्वाल मैदान निवासी वरिष्ठ पत्रकार मनोज शुक्ला व कार चालक गुरसहायगंज कन्नौज निवासी कौशल कुमार उर्फ श्यामू त्रिपाठी था। 

लगभग दो घंटे बाद कार फतेहपुर जनपद स्थित हाईवे पर कल्यानपुर थाना क्षेत्र के चौडगरा पहुंची तभी खड़े ट्राला में घुस गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि किसी को चीखने तक का मौका नहीं मिल सका। कार का नंबर व पास मिले कागज देख कर किसी तरह परिजनों तक जानकारी पहुंचाई गई। आनन फानन में परिजन व शुभचिंतक फतेहपुर रवाना हो गए। देर रात शव कन्नौज पहुंचे तो परिजनों में चीत्कार मच गई। लोग शोक संवेदना व्यक्त करने के लिये मृतकों के घर पहुंचने लगे। 

यह भी पढ़ें- Fatehpur: मूर्ति विसर्जन को गया कानपुर का किशोर...फतेहपुर की रिंद नदी में उतराता मिला शव