लखनऊ: ध्वस्त कानून व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस ने खोला मोर्चा, योगी सरकार के खिलाफ प्रदेश के 18 मंडलों में किया प्रदर्शन

लखनऊ: ध्वस्त कानून व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस ने खोला मोर्चा, योगी सरकार के खिलाफ प्रदेश के 18 मंडलों में किया प्रदर्शन

अमृत विचार, लखनऊ। कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश की ध्वस्त कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराध के खिलाफ लगातार हमलावर है। बुधवार को लखनऊ समेत प्रदेश के सभी 18 मंडलों में पार्टी ने प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम का ज्ञापन सौंपा है। लखनऊ में शहीद स्मारक पर राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडे, राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया है। प्रदर्शन के दौरान योगी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदेश की ध्वस्त कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराध के खिलाफ हल्ला बोला है। बताया जा रहा है कि इस प्रदर्शन में वरिष्ठ नेताओं के साथ अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा, बाराबंकी सांसद तनुज पुनिया, सीतापुर सांसद राकेश राठौर समेत कई विधायक भी शामिल रहे हैं।  

राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडे ने कहा कि यूपी सरकार प्रदेश में अच्छी कानून व्यवस्था का दावा करती है। लेकिन प्रदेश की जनता अपने आप को आतंकित और असहज महसूस कर रही है। कोई भी व्यक्ति अपने आप को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। उन्होंने बुलडोजर एक्शन पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री योगी बुलडोजर बाबा सुनकर अपने आप को गौरवान्वित महसूस करते हैं। लेकिन, ये सबसे बड़ी शर्मनाक बात है। देश के संविधान में जो कानून और कोर्ट बनाये गए हैं। उनके समक्ष आरोपियों और दोषियों को पेश करके उन्हें सजा देने का काम किया जाए, न कि बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की जाये। 

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से सड़कों पर उतर चुकी है। प्रदेश के 18 मंडलों में योगी सरकार के खिलाफ खड़ी है। वहीं उन्होंने बुलडोजर एक्शन पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते सुप्रीम कोर्ट का आभार जताया।

राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर ने कहा कि प्रदेश में बढ़ते अपराध और ध्वस्त कानून व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं, हमारी एक ही मांग है अगर इन सब पर रोक नहीं लगी तो कांग्रेस का कार्यकर्ता घर नहीं बैठेगा, लोगों की आवाज़ और ढाल बनकर उनकी रक्षा करेंगे।

अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश की ध्वस्त कानून व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर आई है और हमेशा जनता की आवाज उठाएगी। बुलडोजर एक्शन पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर सांसद किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि बहुत ही सराहनीय निर्णय है। कानूनी कार्रवाई ही होनी चाहिए। कोई मनमाना क़ानून नहीं बल्कि भारत के संविधान के मुताबिक कार्रवाई होनी चाहिए। 

यह भी पढ़ें : हरदोई: पत्नी से विवाद के बाद पति को उठा ले गई नकली पुलिस, रात भर तलाश में जुटी रही Police