मुरादाबाद : अवैध संबंध के चलते पति ने पत्नी की गला दबाकर की हत्या, खुद भी फंदे से झूला

रात में प्रेमी को घर बुलाने पर दंपति में हुआ था विवाद, हत्या-आत्महत्या दोनों एंगल से जांच-पड़ताल कर रही पुलिस

मुरादाबाद : अवैध संबंध के चलते पति ने पत्नी की गला दबाकर की हत्या, खुद भी फंदे से झूला

मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र में अवैध संबंध के चलते पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर खुद भी आत्महत्या कर ली। पुलिस ने एक ही कमरे से दोनों शवों को बरामद किया। फॉरेसिंक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पति फंदे पर लटका मिला, पत्नी का शव फर्श पर पड़ा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पत्नी की गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। फिलहाल पुलिस हत्या-आत्महत्या दोनों ही एंगल से मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। प्रेमी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी मुकेश कुमार (28) पुत्र करन सिंह ने नौ साल पहले बुद्ध विहार के डूडा कॉलोनी निवासी कविता (26) से प्रेम विवाह किया था। दंपति की तीन बेटियां हैं। कविता की जेठानी सरोज ने बताया है कि दो साल पहले कविता की दोस्ती सुमित नाक के लड़के से हुई थी। चोरी-छिपे वह घर पर कविता से मिलने आता था। मुकेश ने दो दिन पहले सुमित-कविता को एक साथ पकड़ लिया। फिर दोनों में विवाद हुआ। इसके बाद नाराज पत्नी ने तीनों बेटियों को मायके भेज दिया। सोमवार आधी रात को सुमित कविता के घर पहुंचा था। इसके बाद पत्नी ने पति को घर से निकाल दिया। सुमित को घर में घुसाकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद मुकेश ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया। तभी कविता पति के साथ रहने से मुकर गई। रात में पुलिस ने जैसे-तैसे मामला शांत करा दिया। मंगलवार सुबह सुमित की मां उसकी तलाश करते हुए मुकेश के घर पहुंची। 

उन्होंने दरवाजा खटखटाया,लेकिन खुला नहीं। सुमित की मां ने खिड़की से झांका तो मुकेश का शव फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया। इसके बाद हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पत्नी की गला दबाकर हत्या व पति का फंदा लगाने से मौत की पुष्टि हुई है। सीओ अर्पित कपूर ने बताया है कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने हत्या-आत्महत्या दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है। फॉरेसिंक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल पुलिस ने अवैध संबंध को लेकर पति ने पत्नी की हत्या कर खुद भी आत्महत्या का शक जताया है। प्रेमी सुमित को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।

बेड पर मिली दंपती की डेढ़ माह की बच्ची
हत्या और आत्महत्या में जान गंवाने वाली कविता और पति मुकेश के तीन बेटियां हैं। बड़ी बेटी काव्या (7) और आराध्या (5 वर्ष) हैं। जबकि तीसरी और सबसे छोटी बेटी मात्र डेढ़ माह की है, जिसका अभी नामकरण तक नहीं हुआ था। कविता की मां गीता और पिता गेंदालाल ने बताया कि सोमवार देर रात कविता अपनी दोनों बड़ी बेटियों को उनके घर के बाहर छोड़ कर चली गई थी। उसने उस समय कुछ नहीं बताया था। मंगलवार की सुबह जब परिजन और पुलिस कमरे में दाखिल हुए तो बच्ची सकुशल बेड पर लेटी थी।

डॉक्टरों के पैनल ने किया पत्नी का पोस्टमार्टम
मझोला पुलिस ने जान गंवाने वाले दंपति का पोस्टमार्टम कराया। पहले पति मुकेश का पोस्टमार्टम हुआ, जिसमें फांसी लगाने से मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद कविता के शव का पोस्टमार्टम दो डॉक्टरों के पैनल से कराया गया। उसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर कविता की हत्या की पुष्टि हुई। पोस्टमार्टम हाउस के सूत्रों के अनुसार मरने से पहले जान बचाने के लिए कविता ने मुकेश से संघर्ष भी किया था। क्योंकि उसके शरीर पर संघर्ष के निशान मिले हैं।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : विद्युत विभाग के वरिष्ठ लिपिक का पंखे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस