Alain Delon death : नहीं रहे फ्रांस के मशहूर अभिनेता एलेन डेलन, 88 साल की उम्र में निधन 

Alain Delon death : नहीं रहे फ्रांस के मशहूर अभिनेता एलेन डेलन, 88 साल की उम्र में निधन 

पेरिस। फ्रांस के मशहूर अभिनेता एलेन डेलन का 88 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। फिल्मों में खलनायक और पुलिसकर्मी की भूमिकाओं से उन्हें दुनियाभर में काफी सराहना मिली। डेलन ने कई फिल्मों का निर्माण किया, नाटकों में काम किया और बाद के वर्षों में टेलीविजन फिल्मों में भी नजर आए। डेलन के परिवार ने रविवार को फ्रांस की राष्ट्रीय समाचार एजेंसी एजेंसी ‘फ्रांस-प्रेस’ को एक बयान में उनके निधन की घोषणा की। उन्होंने 1960 और 1970 के दशक में प्रख्यात फिल्मकार लुचिनो विस्कोन्टी से लेकर जोसेफ लोसी तक, दुनिया के शीर्ष निर्देशकों के साथ काम किया। 

डेलन को पहली बार 1960 में रेने क्लेमेंट द्वारा निर्देशित ‘प्लेन सोलेइल’ से सराहना मिली, जिसमें उन्होंने एक हत्यारे की भूमिका निभाई थी। उन्होंने कई इतालवी फिल्म बनाईं, जिनमें सबसे उल्लेखनीय 1961 की फिल्म ‘रोको एंड हिज ब्रदर्स’ है। वर्ष 1963 में विस्कोन्टी की फिल्म ‘ले गुएपर्ड’ (द लेपर्ड) में डेलन ने मुख्य भूमिका निभाई थी, जिसने कान फिल्म महोत्सव में सर्वोच्च सम्मान ‘पाल्मे डी'ओर’ हासिल किया। उनकी अन्य फिल्मों में ‘इज पेरिस बर्निंग’, ‘ला पिसिन’ (द सिनर्स) और ‘द असैसिनेशन ऑफ ट्रॉट्स्की’ भी शामिल थीं। 

डेलन ने 1968 में फिल्मों का निर्माण शुरू किया। 1990 तक उन्होंने 26 फिल्म बनाईं। डेलन का आठ नवंबर 1935 को पेरिस के दक्षिण में स्थित स्को में जन्म हुआ था। उन्होंने एक रोमन कैथोलिक बोर्डिंग स्कूल में शिक्षा प्राप्त की। डेलन ने 1999 में अपने अभिनय करियर को विराम देने की घोषणा की, लेकिन उसी वर्ष बर्ट्रेंड ब्लियर की ‘लेस एक्टर्स’ (द एक्टर्स) में नजर आए। बाद में वह कई टेलीविजन पुलिस शो में दिखाई दिए। 2022 में उन्होंने ‘द एम्प्टी हाउस’ में जूलियट बिनोचे के साथ अभिनय किया। 

ये भी पढे़ं : 81 उम्र में भी क्यों काम कर रहे अमिताभ बच्चन? पहली बार बताई वजह