Auraiya: पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में हुआ था विवाद, चली गोलियां, पुलिस ने दो आरोपियों को मुठभेड़ में किया गिरफ्तार

Auraiya: पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में हुआ था विवाद, चली गोलियां, पुलिस ने दो आरोपियों को मुठभेड़ में किया गिरफ्तार

औरैया, अमृत विचार। अछल्दा थाना क्षेत्र के गौतला गांव में बीते शनिवार की शाम को पत्थरबाजी व फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को मुठभेड़ में पकड़ लिया। दोनों के घुटने के नीचे गोली लगी है। मामले में सात नामजद सहित 13 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। देर शाम नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पत्थरबाजी और फायरिंग की घटना में एसपी चारू निगम के निर्देश पर टीमों को गठित किया गया। सीओ अशोक कुमार ने बताया कि रविवार देर शाम मुखबिर से सूचना मिली कि दो तुर्कपुर गांव आरोपियों पर बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे रोड पर बाइक से कहीं भागने की तैयारी कर रहे थे तभी पुलिस ने घेराबंदी कर रोकने का प्रयास किया तो आरोपितों ने तमंचे से गोलियां चलाई।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों के पैरों पर गोली मारी। इसके बाद घायलों को सीएचसी अछल्दा लेकर आया गया। पकड़े गए आरोपी अछल्दा निवासी ऋतिक और बल्ले उर्फ विवेक हैं। घटनास्थल से दो तमंचे और बाइक भी बरामद की गई हैं। इसके अलावा आरोपी भूरे, सूरज,शिवा, रेनू, साहिल को भी गिरफ्तार किया गया।

बताते चलें कि गांव गौतला निवासी गौतम सिंह यादव ने थाना में तहरीर देते हुए बताया कि शनिवार शाम पौने छह बजे के करीब वह अपने मकान पर निर्माण कार्य करा रहा था। उसी समय बल्ले, गौरव, भूरे,  छोटे, रितिक, कल्लू, लल्लू समेत 13 अज्ञात लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

विरोध करने पर रामनाथ, जयकेश व अन्य लोगों पर पत्थरबाजी करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच भूरे ने तमंचे से फायरिंग कर दी। पूर्व में विपक्षी लोगों में से एक युवक की पत्नी को उसका भतीजा अपने साथ भगा ले गया था इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में आपसी रंजिश चल रही थी।

क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर बलवा व जान से मारने के प्रयास समेत कई अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। वहीं देर रात एसपी चारू निगम ने बताया कि मामले में नौ लोगों को दबिश देकर पकड़ लिया गया है।

दो आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान घुटने के नीचे गोली लगी है। उपचार के लिए सीएचसी अछल्दा में भर्ती कराया गया था। बचे हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। कार्रवाई करने वाली टीम को 25 हजार का इनाम दिया जाएगा।