बरेली: नगर निगम कार्यकारिणी का चुनाव आज, भाजपा-सपा ने नहीं खोले पत्ते

भाजपा के पास पांच, सपा के लिए एक पार्षद को कार्यकारिणी में पहुंचाने का मौका

बरेली: नगर निगम कार्यकारिणी का चुनाव आज, भाजपा-सपा ने नहीं खोले पत्ते

बरेली, अमृत विचार। नगर निगम कार्यकारिणी समिति के शनिवार को होने जा रहे चुनाव के लिए शुक्रवार को देर रात तक गोटियां बिछाई जाती रहीं। कार्यकारिणी के पुराने छह सदस्य बाहर होने के बाद उनकी जगह नए सदस्य चुने जाने हैं। संख्या बल के आधार पर भाजपा के पांच और सपा के एक पार्षद का कार्यकारिणी में जाना तय माना जा रहा है। हालांकि देर शाम तक दोनों दलों ने अपने प्रत्याशियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए।

नगर निगम के कार्यकारिणी का कार्यकाल 1 जून को समाप्त हो चुका है। आचार संहिता लागू होने के कारण समय से चुनाव नहीं हो पाया। अब शनिवार को कार्यकारिणी के 12 सदस्यों में से 6 के नाम की पर्ची निकाली जाएगी। अगर निर्विरोध निर्वाचन न हुआ ताे एक सदस्य के चयन के लिए 14 वोट की जरूरत होगी। संख्या बल कम होने के कारण सपा को एक ही सीट मिलती दिख रही है, बाकी पांच भाजपा को मिलनी तय है।
नगर निगम में 80 पार्षद और 4 पदेन सदस्य है। इनमें 52 भाजपा, पांच सपा और दो कांग्रेस और रालोद के हैं। निर्दलीय 20 पार्षदों में भी कुछ भाजपा में जा चुके हैं। फिलहाल कार्यकारिणी के 12 में से 10 सदस्य भाजपा और दो सपा के हैं। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि बैठक में भाजपा और सपा के कितने सदस्य कार्यकारिणी से बाहर होंगे।

ऐसे होगा कार्यकारिणी के सदस्यों का चुनाव
नियमानुसार हर साल 6 नए सदस्य कार्यकारिणी में शामिल होते हैं। इसके लिए छह पर्ची निकाली जाती हैं। इनमें जिसका नाम होता है, वह बाहर हो जाता है। उन्हीं की जगह नए सदस्य आते हैं। अगर निर्विरोध निर्वाचन न हुआ तो सभी 84 सदस्य मतदान कर छह सदस्यों का चुनाव करेंगे। इसके लिए एक सदस्य को 14 वोट चाहिए होंगे। नाम की पर्ची निकलने के बाद भी कोई सदस्य फिर कार्यकारिणी में आना चाहता है तो वह चुनाव में शामिल हो सकता है। अगर पर्ची में उपसभापति का नाम निकला तो उन्हें भी दोबारा चुनकर आना पड़ेगा। अगर एक ही दल के सभी पार्षदों का नाम पर्ची में निकल गया तो सभी हटना पड़ेगा।

पहली बार जीते पार्षद पर दांव लगा सकती है सपा
सपा के पांच पार्षदों ने कार्यकारिणी में जाने की इच्छा जिला और महानगर अध्यक्ष के सामने जताई थी। इसमें कई बार पार्षद रह चुके अब्दुल कयूम मुन्ना, आरिफ कुरैशी, इकबाल बिल्डर, शाकिर और पहली बार जीते ओमान रजा शामिल हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक इनमें से पहली बार पार्षद चुनकर आए ओमान रजा के नाम पर मुहर लगाई गई है। इससे पुराने पार्षदों में नाराजगी भी है। उनका कहना है कि वह कई बार पार्षद चुने जा चुके हैं, फिर भी उन्हें मौका नहीं दिया जा रहा है।

भाजपा आज सुबह घोषित करेगी नाम
कार्यकारिणी के लिए भाजपा को पांच पार्षदों के नाम घोषित करने हैं। शुक्रवार को ये नाम नहीं चुने जा सके। पार्टी सूत्रों के मुताबिक शनिवार सुबह मेयर उमेश गौतम और महानगर कमेटी के साथ पार्षदों के बैठक होनी है। इसी बैठक में तय होगा कि किस पार्षद को कार्यकारिणी में भेजा जाना है। भाजपा के महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने बताया कि शनिवार सुबह पार्षदों के नाम घोषित हो जाएंगे।

ये भी पढ़ें- बरेली: अपर पुलिस महानिदेशक के आदेश पर दो साल बाद दर्ज की चोरी की रिपोर्ट