बरेली: 29 साल का टूटा रिकॉर्ड, 138 साल में तीसरी सबसे अधिक गर्म रही रात

बरेली: 29 साल का टूटा रिकॉर्ड, 138 साल में तीसरी सबसे अधिक गर्म रही रात

बरेली, अमृत विचार : दिन के साथ रात में भीषण गर्मी से लोगों का जीना मुहाल हो गया। जिले में 29 साल बाद रात में गर्मी का रिकार्ड टूट गया। यही नहीं 138 वर्ष के प्रेक्षण इतिहास (1950-2024) में तीसरी सबसे गर्म रात रही। बुधवार को जिले में न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस अधिक 32.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान सामान्य से 6.8 डिग्री सेल्सियस अधिक 44.2 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में तेज हवाओं से भी लोग परेशान हुए। मौसम विभाग ने 19 जून से बारिश का पूर्वानुमान जताया है।

मौसम विभाग के मुताबिक जून में 17 जून 1995 काे न्यूनतम सबसे अधिक 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके अलावा 1993 में 6 जून को 33.4 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा था जो अब तक सबसे अधिक रहा है। इसके अलावा 1969 में 12 जून को भी न्यूनतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डाॅ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि जून में अब तक 51.1 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अभी सिर्फ 1.1 मिलीमीटर बारिश ही हो सकी है। वर्तमान मौसमी परिदृश्य में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव और पुरवा के साथ प्रतिक्रिया के परिणामस्वरूप उत्तरी तराई इलाकों में तड़ित झंझावात के साथ 19 जून से शुरू होने वाली हल्की से मध्यम बारिश से उत्तरी तराई इलाकों में लू से राहत मिलने की संभावना है।

1 जून से अब तक 12 दिन 29 डिग्री से अधिक रहा न्यूनतम तापमान
इस बार अधिकतम तापमान ही नहीं बल्कि न्यूनतम तापमान भी अधिक बना हुआ है। 1 से 18 जून तक 12 दिन न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। वहीं पिछले नौ दिनों से तापमान 43 और 44 से अधिक बना हुआ है। मौसम विज्ञानी डाॅ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि भीषण गर्मी होने की वजह भी वार्म नाइट है। पिछले बरसों में चार या छह वार्म नाइट होती थीं, लेकिन इस बार यह तीन गुना हो गई हैं। 19 जून को भी वार्म नाइट हो सकती है।

यह भी पढ़ें- बरेली: सीओ मीरगंज की बढ़ेंगी मुश्किलें, पीड़ित भट्ठा मालिक के बयान दर्ज...जानिए मामला