Kanpur: हैलट अस्पताल के कैंपस में निर्माणाधीन सबस्टेशन का लेंटर गिरा, दो मजदूर गंभीर रूप से घायल, इमरजेंसी वार्ड में भर्ती

Kanpur: हैलट अस्पताल के कैंपस में निर्माणाधीन सबस्टेशन का लेंटर गिरा, दो मजदूर गंभीर रूप से घायल, इमरजेंसी वार्ड में भर्ती

कानपुर, अमृत विचार। हैलट अस्पताल के कैंपस में निर्माणाधीन सबस्टेशन का लेंटर गिरने की वजह से दो मजदूर घायल हो गए। जबकि आसपास मौजूद लोग बाल-बाल बचे। सबस्टेशन के पास मौजूद लोगों ने मलबे में दबे घायल मजदूरों को बाहर निकलवाया और तत्काल हैलट इमरजेंसी ले गए। हादसे की सूचना पर प्रमुख अधीक्षक व पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। 

हैलट अस्पताल में वर्तमान समय में कई अत्याधुनिक मशीनों का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा हैलट में अब इमारतों की संख्या भी बढ़ गई। ऐसे में हैलट परिसर में बिजली की किल्लत न हो सके, इसलिए यहां पर उत्तर प्रदेश पॉवर कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा 33 केवी के सब स्टेशन का निर्माण किया जा रहा है। यहां पर कुछ मशीनें भी आ गई है। 

मंगलवार को सबस्टेशन के निर्माणाधीन एक कमरे में मजदूर सूरज और सनी काम कर रहे थे। तभी उनके ऊपर लेंटर भरभराकर गिर गया। हादसे में दोनों मजदूर मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, आसपास मौजूद लोग घायल होने से बच गए। लोगों ने मलबे में दबे घायल मजदूरों को बाहर निकाला और हैलट इमरजेंसी में भर्ती कराया। 

हादसे की सूचना पर हैलट अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ.आरके सिंह, ईएमओ डॉ.अनुराग राजौरिया व हैलट चौकी प्रभारी पंकज कुमार ने मौके का निरीक्षण किया। साथ ही जेई मनोज सिंह से मामले की जानकारी भी ली। प्रमुख अधीक्षक डॉ.आरके सिंह ने बताया कि इमरजेंसी में घायलों का इलाज किया जा रहा है। जेई मनोज सिंह का कहना है कि सबस्टेशन के निर्माणाधीन उस कमरे में कुछ दिनों पहले लेंटर डाला गया था, जिसे जल्दबाजी में खोलने के कारण दोनों मजदूरों हादसाग्रस्त हुए। उनके परिजनों व संबंधित ठेकेदार को हादसे की जानकारी दे दी गई है।

यह भी पढ़ें- Kanpur: पूर्व कैबिनेट मंत्री बोले- कांग्रेस का गारंटी कार्ड झूठ का पुलिंदा, इंडिया गठबंधन ने भ्रम पैदा कर बढ़ाईं अपनी सीटें