अंबेडकरनगर: केंद्र और प्रदेश सरकार निषाद समाज के लिए चला रही हैं कई योजनाएं, बोले मंत्री संजय निषाद

कैबिनेट मंत्री संजय कुमार निषाद ने विपक्ष पर किया कटाक्ष कहा - जनता समझ चुकी है कि यह धोखेबाज लोग हैं 

अंबेडकरनगर: केंद्र और प्रदेश सरकार निषाद समाज के लिए चला रही हैं कई योजनाएं, बोले मंत्री संजय निषाद

अंबेडकरनगर, अमृत विचार। रविवार को निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद जनपद के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने अकबरपुर स्थित सर्किट हाउस में संवाददाताओं से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकार राज्य में निषाद समाज के विकास व उत्थान के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है, जिससे कि आर्थिक और सामाजिक रूप से पिछड़े हुए निषाद समाज को विकास की मुख्य धारा से जोड़ा जा सके। 

उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मछुआ समाज के हित में कई योजनाएं चलाई जा रही हैं जैसे कि निषाद राज बोट योजना, मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना व मछुआ कल्याण कोष की भी स्थापना की जा चुकी है। जिसके अंतर्गत मछुआ समाज को चिकित्सा लाभ, शिक्षा लाभ, मछुआ आवास जैसी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को शामिल किया गया है। जिससे मछुआ समाज को विकास की मुख्य धारा से जोड़ा जा सके।

देश में हुए लोकसभा चुनाव के परिणाम पर पत्रकार बंधुओं द्वारा पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में केंद्र और राज्य सरकार के प्रति जनता में किसी भी प्रकार का रोष एंटी इन कंबेंसी नहीं था, विपक्ष द्वारा विभिन्न मुद्दों पर जनता को गुमराह किया गया। जैसे की केंद्र में एनडीए की सरकार बनती है तो आरक्षण समाप्त कर दिया जाएगा। 8 हजार रुपए महीना और सालाना 1 लाख रुपए महिलाओं के खाते में दिए जाएंगे। जैसे कई भ्रामक प्रचार विपक्ष द्वारा जनता के बीच में किए गए। जिससे की जनता का नैरेटिव सेट किया गया और उत्तर प्रदेश की जनता कुछ बहुत भोली है और इनके भ्रामक प्रचार में आ गई। जिससे कि हम कुछ सीटों पर हार गए हैं।

आज देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी है और उनके नेतृत्व में देश पुन: नई ऊंचाईयों को छुएगा। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनके दफ्तर के बाहर लोग लाइन लगा रहे हैं कि 8 हजार रुपए कब मिलेंगे। जनता समझ चुकी है कि यह धोखेबाज लोग हैं, इनकी फितरत में धोखा है। विपक्ष मुंह में राम बगल में छुरी लेकर चलता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 10 विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने है, उन्होंने फिल्मी अंदाज में कहा कि उपचुनाव में आ देखें जरा किसमे कितना है दम। 

निष्षाद पार्टी पुरजोर ढंग से लड़ेगी उपचुनाव:

निषाद पार्टी का उपचुनाव में रोल पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बड़े भाई की भूमिका में शुरू से रही है और उन्होंने विधानसभा चुनाव 2022 में निषाद पार्टी को 15 सीटे दी थी। ऐसे में गठबंधन धर्म के तहत कटेहरी और मझवा सीट हमारे कोटे की सीट रही है और निषाद पार्टी और एनडीए उपचुनाव में पुरजोर तरीके से चुनाव लड़ेंगा और जीत दर्ज कर विपक्ष के झूठ का पर्दाफाश करेगा।

यह भी पढ़ें पढ़ें:-लखनऊ में पारा पहुंचा 46 डिग्री के पार, भीषण गर्मी से जनजीवन बेहाल, जानें कब मिलेगी राहत