Kanpur: पहले राउंड से ही बढ़त बनाए रहे रमेश, बीच-बीच में कांग्रेस के आगे होने पर मायूस होते रहे कार्यकर्ता

कानपुर, अमृत विचार। संसदीय सीट कानपुर के भाजपा प्रत्याशी रमेश अवस्थी और कांग्रेस के आलोक मिश्रा में दिनभर कांटे की टक्कर रही। रमेश ने पहले राउंड की मतगणना से ही बढ़त बना ली थी, लेकिन 10वें राउंड के बाद अचानक आलोक आगे आ गए। यह सिलसिला कई राउंड की मतगणना में सामने आया। जिससे दोनों खेमों में कभी खुशी और कभी मायूसी देखने को मिली। 15वें राउंड के बाद जब मतगणना के आंकड़े आने शुरू हुए तो भाजपाईयों के चेहरे खिल गए और कांग्रेसी एक-एक करके मतगणना स्थल से लौटने लगे।
कानपुर के पांचों विधानसभा की चक्रवार मतगणना 26 राउंड चली। सुबह आठ बजे शुरू हुए पहले राउंड से ही भाजपा के रमेश अवस्थी 19909 वोट पाकर आगे रहे। जबकि कांग्रेस के आलोक मिश्र के खाते में 15443 वोट आए। पहले राउंड से शुरू हुई भाजपा की बढ़त लगातार कई राउंड बनी रही रही। सातवें राउंड में रमेश को 131444 व आलोक को 124853 मत मिले। इसके बाद ही दोनों उम्मीदवारों के वोटों के बीच का अंतर 500, कभी 700 और 200 तक पहुंच गया। इससे कांग्रेसियों के खेमे में खुशी का माहौल दिखा।
कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी फोन पर इसकी चर्चा करने लगे कि उम्मीद है सीट पर अपना कब्जा होगा। मगर दसबें राउंड में भाजपा उम्मीदवार को 189556 व कांग्रेस को 181974 मत मिले, जिसमें 7582 वोटों के अंतर से भाजपा ने तेजी पकड़ ली। इसके बाद लगातार भाजपा उम्मीदवार रमेश अवस्थी बढ़ते ही चले गए। वोटों का अंतर भी लगातार बढ़ता गया। 15वें राउंड में भाजपा 279683 व कांग्रेज 277547 मतों पर पहुंची तो कांग्रेसियों में निराशा आने लगी। एक उम्मीद में कांग्रेस लगातार एजेंटों से मतों की जानकारी लेते रहे।
20 वे राउंड में रमेश को 381388 व आलोक को 362186 मत मिलने की जानकारी होने पर कांग्रेसियों को यह अहसास हो गया कि अब उम्मीद नहीं बची है। वहीं 20वें राउंड की मतगणना के बाद शेष छह राउंड ही बचे थे। यह देख कांग्रेसी एक-एक करके मतगणना स्थल से जाने लगे। वहीं भाजपाइयों की भीड़ आनी शुरू हो गई। 26वें राउंड का परिणाम आते ही पूरी स्थित स्पष्ट हो गई। रमेश को 440301 मत व आलोक को 419275 मत मिलने की खबर पर भाजपा कार्यकर्ता रमेश अवस्थी जिंदाबाद और जय श्रीराम, भारत माता की जय के नारे लगाने शुरू कर दिए।