Kannauj में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक बोले- परिवारवाद पर भारी पड़ेगा राष्ट्रवाद...समाजवादी पार्टी की गाड़ी हुई डिरेल

कन्नाैज में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने सपा पर निशाना साधा

Kannauj में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक बोले- परिवारवाद पर भारी पड़ेगा राष्ट्रवाद...समाजवादी पार्टी की गाड़ी हुई डिरेल

कन्नौज, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी की गाड़ी डिरेल हो गई और पूरे प्रदेश में उसे प्रत्याशी ढूंढ़े नहीं मिल रहे हैं। यही हाल कन्नौज सीट पर भी है, जहां प्रत्याशी घोषित करने के लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को अच्छे दिन नहीं मिल रहे हैं। भाजपा राष्ट्रवाद और अंत्योदय के सिद्धांत पर चल रही है। किसी को नहीं पता कि कब कोई बूथ अध्यक्ष राष्ट्रीय अध्यक्ष तक पहुंच जाए! इस बार सपा के परिवारवाद पर राष्ट्रवाद भारी पड़ेगा। 

शुक्रवार को शहर के मानपुर रोड स्थित एमजे पैलेस में हुए भाजपा बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में यह बात प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कही। उन्होंने कहा कि बूथ कमेटी ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और इस चुनाव में उनकी सबसे अहम भूमिका होगी। समाज विरोधी और राष्ट्र विरोधी ताकतों को जवाब देना होगा।

सपा का समाजवाद एक छलावा है, जबकि वह केवल परिवारवाद के सिद्धांत पर चल रही है। उन्होंने विपक्षी इंडी गठबंधन पर प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस में हमेशा गांधी परिवार ही हावी रहा तो बसपा में मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को उत्तराधिकारी बना दिया। सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने अपनी राजनीतिक विरासत बेटे अखिलेश यादव को सौंप दी, इसके बाद अर्जुन यादव होंगे।

एनसीपी में शरद पवार ने अपनी बेटी सुप्रिया सुले को गद्दी सौंप दी। भाजपा ने इस परिवारवाद को खत्म किया और राष्ट्रवाद की अलख जगाई। कार्यक्रम को लोकसभा क्षेत्र संयोजक नरेंद्र राजपूत, पूर्व विधायक अरविंद प्रताप सिंह, समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण, सांसद सुब्रत पाठक, भाजपा नेता संजू कटियार व दिनेश यादव ने भी संबोधित किया। 

115 सपा कार्यकर्ता हुए भाजपा में शामिल

सपा सरकार में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिल्पी कटियार के पति संजू कटियार ने समाजवादी पार्टी छोड़कर आए 115 कार्यकर्ताओं को भाजपा में शामिल कराया। जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने सभी को भाजपा का अंगवस्त्र पहनाया। संजू कटियार ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में हर बूथ पर कमल खिलाने की जिम्मेदारी उनकी है। कार्यक्रम में जिला महामंत्री सौरभ कटियार, अवधेश राठौर, रामवीर कठेरिया, ठाकुर हरिबख्श सिंह, शैलेंद्र दुबे, शरद कटियार, अनिल शुक्ला समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें- Kanpur News: पुलिस जीप पर बैठकर बनाई रील...सोशल मीडिया में हुई वायरल, युवक गिरफ्तार